टी20 विश्वकप में अब तक चार बार टकरायी हैं भारत और इंग्लैंड

दो-दो बार दोनो को ही मिली है जीत 

गुयाना । भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को आईसीसी टी20 विश्वकप का सेमीफाइनल मुकाबला होगा। इसमें दोनो ही टीमें जीत के लिए पूरी ताकत लगा देंगी। भारतीय टीम जहां अपने तीनों सुपरआठ मुकाबले जीतकर आसानी से सेमीफाइनल में पहुंची है। वहीं इंग्लैंड का यहां तक का सफर काफी कठिन रहा है। ऐसे में भारतीय टीम के पास साल 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों मिली हार का हिसाब बराबर करने का अवसर है। आंकड़ों पर नजर डालें तो टी20 विश्वकप में दोनों टीमें अब तक 4 बार टकरायी हैं और दोनों को ही दो-दो बार जीत मिली है।  भारतीय टीम ने जहां साल 2007 और 2012 में जीत दर्ज की थी। वहीं इंग्‍लैंड की टीम 2009 और 2022 में जीती थी. ऐसे में दोनो के बीच इस बार भी मुकाबला कठिन होना तय है। इस मैच में दोनो ही टीमों के बल्लेबाजों और गेंदबाजों में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। भारत के पास जहां जसप्रीत बुमराह और स्पिनर कुलदीप यादव और हार्दिक पंड्या जैसे ऑलराउंड हैं। वहीं इंग्‍लैंड के पास भी ऑलराउंडर सैम करन के अलावा तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और स्पिनर मोइन खान हैं। इस मैच में इंग्लैंड के गेंदबाजों का लक्ष्य भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा पर अंकुश लगाना रहेगा। रोहित ने ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ जिस प्रकार से आक्रमक बल्लेबाजी की थी उससे इंग्‍लैंड के गेंदबाजों पर दबाव रहेगा। इसके अलावा इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर और अन्य बल्लेबाजों के लिए जसप्रीत बुमराह और कुलदीप का सामना करना आसान नहीं रहेगा। देशों के बीच टी20 विश्वकप का पहला मैच, 2007 के पहले ही टूर्नामेंट में डरबन में हुआ था। तब भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने स्‍टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में छह छक्के लगाकर भारतीय टीम को जीत दिला दी थी। इसके बाद 2009 के वर्ल्‍डकप में फिर दोनों टीमों का सामना हुआ। तब ये मुकाबला इंग्‍लैंड ने 3 रन से जीता था। इसके बाद 2012 के विश्वकप में भारतीय टीम ने इंग्‍लैंड को 90 रनों से हराया था जबकि 2022 में एडिलेड में हुए सेमीफाइनल में इंग्‍लैंड ने 10 विकेट से जीत हासिल की थी। 

भारत के रोहित शर्मा, विराट कोहली और हार्दिक पंड्या इंग्‍लैंड के खिलाफ हमेशा बेहतर प्रदर्शन करते रहे हैं जबकि इंग्‍लैंड की ओर से बटलर अच्छा प्रदर्शन करते आये हैं। रोहित ने इंग्‍लैंड के खिलाफ टी20 विश्वकप के 4 मैचों की तीन पारियों में एक बार नाबाद रहकर 45.50 के औसत और 131.88 के स्‍ट्राइक रेट से 91 और विराट ने दो मैच में 45.00 के औसत और 125.00 के स्‍ट्राइक रेट से 90 रन बनाए हैं। वहीं हार्दिक ने 2022 में इंग्‍लैंड के खिलाफ अपने एकमात्र मैच में 190.90 के स्‍ट्राइक रेट से 63 रनों की पारी खेली थी

इंग्‍लैंड की ओर से टी20 विश्वकप में भारत के खिलाफ सबसे अधिक रन जोस बटलर ने बनाए हैं।  इसके अलावा फार्म में चल रहे फिल साल्‍ट भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकते हैं. बटलर ने दो मैचों में 91.00 के औसत और 149.18 के स्‍ट्राइक रेट से 91 रन बनाए हैं


Subscribe to our Newsletter