सेवाएं ठप की घटनाओं ने डिजिटल बुनियादी ढांचे पर निर्भरता के जोखिमों को किया उजागर
Nov 19, 2026
-माइक्रोसॉफ्ट और एयरलाइंस के बाद एप्पल और मैरियट की डिजिटल सेवाएं भी हुईं ठप
वाशिंगटन,। अमेरिका में पिछले एक सप्ताह से लगातार सामने आ रहे तकनीकी व्यवधानों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। संघीय विमानन प्रशासन, यूनाइटेड एयरलाइंस और माइक्रोसॉफ्ट जैसे दिग्गज संस्थानों की सेवाएं बाधित होने के बाद अब दुनिया की सबसे बड़ी टेककंपनियों में से एक एप्पल और प्रमुख होटल श्रृंखला मैरियट इंटरनेशनल की डिजिटल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।लगातार हो रही इन घटनाओं ने आधुनिक प्रौद्योगिकी मंचों और डिजिटल बुनियादी ढांचे पर बढ़ती व्यापक निर्भरता से जुड़े गंभीर जोखिमों को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
एप्पल ने अपनी वेबसाइट पर सेवाओं की स्थिति की जानकारी देने वाले पेज पर स्वीकार किया कि उसकी ‘एप्पल म्यूजिक’, ‘ऐप स्टोर’ और ‘एप्पलकेयर’ सेवाएं ठप पड़ गईं। इसके अलावा ‘आईक्लाउड’ में लॉगइन करने में भी दिक्कतें आईं। प्रौद्योगिकी सेवाओं की निगरानी करने वाली वेबसाइट ‘डाउनडिटेक्टर डॉट को’ के मुताबिक ‘एप्पल पे’ के संबंध में भी उपयोगकर्ताओं की शिकायतों में अचानक वृद्धि हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने ईमेल के जरिए जारी एक बयान में कहा है कि आज सुबह एक आंतरिक अपडेट के कारण हमारी कुछ सेवाएं बाधित हो गई थीं। इनमें से कई सेवाएं अब फिर से शुरू हो गई हैं। हम बाकी सेवाओं को भी जल्द से जल्द बहाल करने काम कर रहे हैं। अमेरिका की सबसे बड़ी होटल संचालक कंपनी ‘मैरियट इंटरनेशनल’ को भी तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर उपयोगकर्ताओं ने बताया कि इन समस्याओं के कारण होटल में कमरों की बुकिंग और मेहमानों के ‘चेक-इन’ समेत कई सेवाएं प्रभावित हुईं।
‘डाउनडिटेक्टर डॉट कॉम’ ने भी मैरियट की सेवाएं बाधित होने की जानकारी दी। पिछले एक सप्ताह में सरकारी और निजी क्षेत्र की कई अहम सेवाओं में साइबर प्रौद्योगिकी से जुड़ी कई समस्याएं सामने आई हैं। इनमें शुक्रवार को एक प्रणाली पर अत्यधिक दबाव पड़ने से अमेरिका में सभी उड़ानों को रोकना, ‘जेपी मॉर्गन चेज’ में तकनीकी समस्या के कारण वित्तीय प्रणाली पर व्यापक असर पड़ना और ‘यूनाइटेड एयरलाइंस’ की आंतरिक प्रणालियां ठप होने से उड़ानों के प्रस्थान में देरी होने की घटनाएं शामिल है।
रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि इस समस्या के कारण ‘एनएसएनेट’ का कामकाज बाधित हुआ। एनएसए ने कहा कि तय नियमित रखरखाव के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी के कामकाज में अस्थायी बाधा आई।
हालांकि कुछ आंतरिक प्रणालियां प्रभावित हुईं लेकिन महत्वपूर्ण अभियानों से जुड़ी हमारी क्षमताएं पूरी तरह काम कर रही हैं और देश की सुरक्षा करने की हमारी क्षमता बरकरार है। एजेंसी ने कहा कि एनएसए का बुनियादी ढांचा इस तरह तैयार किया गया है कि नियमित रखरखाव या अप्रत्याशित घटनाओं के दौरान भी कामकाज जारी रखने के लिए कई स्तरों पर वैकल्पिक व्यवस्थाएं मौजूद रहें।
अमेरिकी प्रशासन के राष्ट्रीय खुफिया निदेशक ने एक साक्षात्कार में इन घटनाओं के बारे में कहा कि यह कोई साइबर हमला नहीं है और न ही किसी देश की ओर से रची गई कोई साजिश है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं की वजह सरकारी संस्थानों और निजी कंपनियों द्वारा करीब एक ही समय पर अपनी कंप्यूटर प्रणालियों को उन्नत बनाने के प्रयास हैं और इसी के कारण समय-समय पर तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि कई लोग अपनी प्रणालियों की खामियां दूर करने के लिए उनमें सुधार कर रहे हैं। वे जानते हैं कि उनकी पुरानी प्रणालियों में सुरक्षा संबंधी खामियां हैं। ये पुरानी पड़ चुकी हैं और नई प्रणालियों के साथ ठीक से काम नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि अब हमारे पूरे डिजिटल बुनियादी ढांचे को उन्नत बनाने का समय आ गया है।