दिल्ली वालों को बड़ी राहत, अगले हफ्ते हटेगा कालकाजी फुटओवरब्रिज
Nov 19, 2026
नई दिल्ली । मोदी मिल फ्लाईओवर से कालकाजी तक हो रहे फ्लाईओवर निर्माण के चलते बने बॉटलनेक को समाप्त करने के लिए अब कालकाजी फुटओवरब्रिज अगले सप्ताह हटाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी का काम शुरू होने के बाद से इसका उपयोग बंद है। लोग या तो मोदी मिल फुटओवरब्रिज का इस्तेमाल कर रहे हैं या फिर कालकाजी फ्लाईओवर के नीचे से सड़क पार कर रहे हैं।
पीडब्ल्यूडी अधिकारी के मुताबिक फुटओवरब्रिज हटाने के लिए हैवी मशीनें लगाई जाएंगी। इसके लिए ढाई से तीन घंटे तक सड़क पर आवागमन एकदम से बंद करना पड़ेगा। काम देर रात ही संभव है। तैयारी की जा रही है। फुटओवरब्रिज हटने से दोनों तरफ करीब 15 से 20 फीट का अतिरिक्त स्थान मिलेगा।
सड़क चौड़ी होने पर यहां लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। आउटर रिंग रोड से रोजाना औसतन दो लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं। बॉटलनेक के चलते लगने वाले जाम से एक तरफ जहां वाहनों का धुआं तो वहीं निर्माण कार्य के आसपास मिट्टी व धूल लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। बता दें कि पीडब्ल्यूडी कालकाजी फ्लाईओवर को डबल कर मोदी मिल फ्लाईओवर तक विस्तार का काम करा रहा है। कालकाजी फुटओवरब्रिज के नीचे भी निर्माण कार्य के चलते आने व जाने वाले मार्ग पर वाहनों के निकलने के लिए लगभग 15 फीट की सड़क बची है।