जोन क्रमांक 01 में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने जनकल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं के लाभ प्राप्ति हेतु किये आवेदन
Dec 21, 2024
मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान :
भारत सरकार के डीएआरपीजी के संचालक एस.के.पाण्डेय ने शिविर का किया अवलोकन, व्यवस्थाओं एवं कार्य की सराहना की
भोपाल। मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत जोन क्र. 01 में शासन की कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं के लाभ से वंचित व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने हेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ प्राप्ति हेतु आवेदन किए। भारत सरकार के डीएआरपीजी के संचालक एस.के. पाण्डेय ने शिविर का अवलोकन किया और शिविर की व्यवस्थाओं एवं कार्य की सराहना भी की। शिविर में अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान, महापौर परिषद के सदस्य राजेश हिंगोरानी, सहायक आयुक्त सुश्री एकता अग्रवाल, पार्षद अशोक मारन सहित बड़ी संख्या में आवेदक व निगम अधिकारी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत शुक्रवार को संत हिरदाराम नगर में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जोन क्रमांक 01 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 03, 04 एवं 05 के आवेदकों ने भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन व अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किये साथ ही निगम से संबंधित विभिन्न सेवाओं संबंधी आवेदन भी प्राप्त किए गए। मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित व्यक्तियों को शासन द्वारा हितलाभ प्रदान करने हेतु दी जा रही सुविधाओं की जानकारी देने हेतु दलों का गठन किया गया। प्रत्येक वार्ड हेतु गठित 06 सदस्यीय दल द्वारा मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान एवं आयोजित होने वाले शिविर के संबंध में जानकारी वंचित नागरिकों को दी गई। शिविर में प्रत्येक योजना के 07 काउंटर लगाये गये थे और हर काउंटर पर 01-01 कम्प्यूटर आपरेटर की भी व्यवस्था की गई जो प्राप्त आवेदनों पर तत्काल इंद्राज कर पावती संबंधित व्यक्तियों को प्रदान करते रहे। शिविर में उद्घोषणाओं के माध्यमों से भी योजनाओं के संबंध में तथा योजनाओं से संबंधित काउंटर्स की भी जानकारी दी गई जिससे शिविर में आए नागरिकों को सुगमता हुई।
जोन क्रमांक 01 में आयोजित शिविर का अवलोकन भारत सरकार के डीएआरपीजी के संचालक एस.के. पाण्डेय ने किया और शिविर में नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं एवं अपनाई गई कार्य प्रणाली की सराहना की।