ईशान आईपीएल में असफल हुए तो टी20 विश्वकप से होंगे बाहर

नई दिल्ली । टीम इंडिया से बाहर चल रहे बल्लेबाज ईशान किशन के पास इस आईपीएल सत्र में बेहतर प्रदर्शन कर टी20 विश्वकप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने का अंतिम अवसर है। अब देखना है कि वह इसका कितना लाभ उठा पाते हैं। अभी तक उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। ऐसे में उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।  पहले तीन मैचों में उनके नाम केवल 50 रन ही है और अगर वह इसी प्रकार खेलते रहे तो वापसी उनके लिए संभव नहीं होगी। आईपीएल के बाद भारतीय टीम सीधे ही टी20 विश्व कप में जाएगी। ईशान दक्षिण अफ्रीका में खेली गई सीरीज के बाद ही भारतीय टीम से बाहर हो गये थे।

इसके कारण उन्हें केन्द्रीय अनुबंध भी नहीं मिला। उन्होंने जिस प्रकार अफ्रीका दौरे से नाम वापस ले लिया था उससे चयनकर्ता नाराज हो गये थे। वह इसके बाद विदेश में छुट्टी मनाते भी दिखे। इसके बाद बीसीसीआई के रणजी खेलने के आदेश को भी उन्होंने नहीं माना। इसकी जगह वह आईपीएल के लिए अभ्यास करते दिखे। ईशान ने पिछले कुछ सालों में अच्छा प्रदर्शन किया है। वह लगातार टीम के साथ बने रहे और टी20 टीम का अहम हिस्सा थे। एकदिवसीय में उन्होंने दोहरा शतक लगाया पर इसके बाद वह अपनी लय बरकरार नहीं रख पाये। इसके बाद आईपीए में वह मुंबई इंडियंस के लिए पारी की शुरुआत करते हुए अब तक कुछ खास नहीं कर पाये हैं। आईपीएल में अगर वह अधिक से अधिक रन बनाते हैं तो उनकी भारतीय टीम में वापसी की संभावना है।गिरजा/ईएमएस 2024 




Subscribe to our Newsletter