आईसीसी रैंकिंग में शुभमन ने लगायी छलांग , धवन फिसले
Aug 29, 2022
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ताजा एकदिवसीय बल्लेबाजी रैंकिंग में टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल 45 स्थान की लंबी छलांग लगाकर 38वें स्थान पर पहुंच गए हैं। शुभमन ने जिम्बाब्वे के खिलाफ हाल में हुई एकदिवसीय श्रृंखला में अच्छा प्रदर्शन करते हुए एक शतक भी लगाया था। वहीं हैरानी की बात है कि जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों में दो अर्धशतक लगाने के बाद भी अनुभवी सलामी बल्लेबाज शिखर धवन एक स्थान नीचे आकर 12वें स्थान पर फिसल गए हैं।
इसके अलावा अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली पांचवें जबकि कप्तान रोहित शर्मा छठे स्थान पर बरकरार हैं। विराट और रोहित को जिम्बाब्वे दौरे में आराम दिया गया था। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम कुल 891 रेटिंग अंकों के साथ ही एकदिवसीय बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर एक स्थान पर बने हुए हैं जबकि दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के रासी वान डर डुसेन हैं। उनके 789 रेटिंग अंक हैं। अगर गेंदबाजों की बात करें तो न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट शीर्ष पर कायम हैं जबकि ऑलराउंडरों में बांग्लादेश के शाकिब अल हसन नंबर शीर्ष पर हैं।
जिम्बाब्वे सीरीज जीतने से भारतीय टीम को तीन रेटिंग अंक मिले
भारतीय क्रिकेट टीम को मेजबान जिम्बाब्वे के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट सीरीज जीतने से तीन रेटिंग अंक मिले हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज में 3-0 की जीत से भारतीय टीम आईसीसी रैंकिंग में तीसरे स्थान पर ही बनी हुई पर उसके रेटिंग अंक बढ़कर 111 अंक हो गए हैं। वहीं पाकिस्तान ने भी नीदरलैंड को 3-0 से हराया और ऐसे में 107 रेटिंग अंक लेकर वह चौथे स्थान पर बनी हुई है। इस प्रकार दोनों ही टीमों के बीच केवल 4 अंकों का अंतर आया है। न्यूजीलैंड टीम 124 अंक के साथ शीर्ष पर है। उसने वेस्टइंडीज को 2-1 से हराया जबकि इंग्लैंड की टीम 119 रेटिंग अंक लेकर दूसरे स्थान पर बनी हुई है।
भारतीय टीम को अब 6 अक्टूबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की एकदिवसीय सीरीज अपनी धरती पर खेलनी है। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्वकप के बाद एकदिवसीय खेलेगी। वहीं न्यूजीलैंड टीम अगले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैचों की एकदिवसीय सीरीज खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया से हारने पर उसे शीर्ष स्थान इंग्लैंड से खोना पड़ सकता है। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया जीत हासिल करती है, तो पाकिस्तान की जगह चौथे स्थान पर पहुंच जाएगी। ऑस्ट्रेलियाई टीम टीम अभी 101 अंक के साथ 5वें पायदान पर कायम है।