वापसी को लेकर उत्साहित और घबराया हुआ हूं : ऋषभ
Mar 13, 2024
नई दिल्ली । आईपीएल से वापसी करने जा रहे आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने कहा है कि उन्हें ऐसा लग रहा है जैसे वह पदार्पण करने जा रहे हों। वहीं इससे पहले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस बल्लेबाज को फिट करार देते हुए कहा कि वह आईपीएल खेल सकते हैं। साथ ही कहा कि उनकी टीम दिल्ली कैपिटल्स 23 मार्च को मोहाली में पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। ऋषभ दिसंबर 2022 में एक कार हादसे में गंभीर रुप से घायल हो गये थे। उसके बाद उन्हें सर्जरी से भी गुजरना पड़ा है। सवा साल बाद मैदान पर वापसी करने जा रहे इस क्रिकेटर ने कहा, मैं उत्साहित और घबराया हुआ हूं। ऐसा लग रहा है कि जैसे मैं फिर से पदार्पण करने जा रहा हूं।
उन्हें चोट से उबरने के बाद राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में पुनर्वास और पुनर्प्राप्ति प्रक्रिया से भी गुजरना पड़ा है। इस क्रिकेटर ने कहा, मैं जो कुछ झेल चुका हूं उसके बाद फिर से क्रिकेट खेलने में सक्षम होना आसान नहीं है। मैं अपने सभी शुभचिंतकों और प्रशंसकों के साथ ही बीसीसीआई और एनसीए के कर्मचारियों का आभारी हूं। उनके प्यार और समर्थन से ही मुझे वापसी में सहायता मिली है।
दिल्ली कैपिटल्स प्री-सीजन कैंप में शामिल होने पर इस क्रिकेटर ने कहा, मैं दिल्ली कैपिटल्स और आईपीएल में वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। ये एक ऐसा टूर्नामेंट है जिसका मैं बहुत आनंद लेता हूं। हमारी टीम के मालिक और सहयोगी स्टाफ पूरे समर्थन के साथ मेरे साथ रहे हैं। हर कदम पर मार्गदर्शन और सहयोग मिला, जिसके लिए मैं उनका दिल से आभारी हूं। मैं अपने डीसी परिवार के साथ फिर से जुड़ने और प्रशंसकों के सामने फिर से खेलने का इंतजार नहीं कर सकता। इस क्रिकेटर को उम्मीद है कि वह बल्लेबाजी के साथ ही विकेटकीपिंग भी कर सकेंगे।