स्पेन के खिलाफ मुकाबलों से अपनी तैयारियों की समीक्षा क अवसर मिलेगा : श्रीजेश
Sep 13, 2022
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के गोलकीपर और पूर्व कप्तान पीआर श्रीजेश ने कहा है कि स्पेन के खिलाफ एफआईएच प्रो लीग के शुरुआती दो मैचों से टीम को अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले अपनी तैयारियों को आंकने का अवसर मिलेगा। भारत में अगले साल 13 से 29 जनवरी तक पुरुष हॉकी विश्व कप खेला जाएगा। वहीं विश्वकप से पहले भारत को भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम में एफआईएच प्रो लीग 2022-23 के अपने पहले मुकाबले में 30 अक्टूबर और छह नवंबर को स्पेन से खेलना है।
श्रीजेश ने कहा, ‘एफआईएच हॉकी प्रो लीग हमारे लिए सबसे बेहतर अवसर है क्योंकि इससे हमें विश्व की शीर्ष टीमों से खेलने का अवसर मिलता है। स्पेन में होने वाले आगामी मुकाबले हमारे लिए किसी परीक्षा की तरह ही रहेंगे। इससे हमें विश्व कप में आने वाली चुनौतियों का पता चलेगा।’ उन्होंने कहा, ‘इससे हमारे युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय हॉकी खेलने का अनुभव मिलेगा। यह हमारे लिए एक शानदार अवसर है क्योंकि इससे हमें विश्व कप के लिए लय हासिल करने में भी सहायता मिलेगी।’
भारत को अगले साल होने वाले विश्व कप के लिए कठिन पूल डी में रखा गया है और श्रीजेश को शुरुआती चरण में अपने विरोधियों से इसमें कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है। विश्व की पांचवें नंबर की टीम भारत को इंग्लैंड , स्पेन और वेल्स के साथ रखा गया है। भारत ने इस साल के बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ 4-4 से ड्रॉ खेला और वेल्स को 4-1 से हराया।