भारत-जापान के बीच होगा ऐतिहासिक टी20 मुकाबला
Sep 05, 2026
भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के जश्न की शुरुआत के लिए तोचिगी प्रांत में खेला जाएगा मुकाबला
नई दिल्ली। भारत और जापान के बीच क्रिकेट इतिहास का एक नया अध्याय लिखे जाने जा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार, 4 सितंबर को जापान के खिलाफ होने वाले ऐतिहासिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के कार्यक्रम की घोषणा की। दोनों देशों की पुरुष क्रिकेट टीमें 22 सितंबर 2026 को जापान के तोचिगी प्रांत स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में आमने-सामने होंगी।
यह मुकाबला भारत और जापान के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के समारोह की शुरुआत के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। बीसीसीआई और जापान क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को खेल के माध्यम से और मजबूत करने के उद्देश्य से यह विशेष टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित किया जा रहा है।
भारत और जापान के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी भी प्रारूप में यह पहला क्रिकेट मुकाबला होगा। एक ओर विश्व क्रिकेट की मजबूत टीमों में शामिल भारतीय टीम होगी, जबकि दूसरी ओर जापान की टीम अपने क्रिकेट सफर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की कोशिश करेगी। यह मुकाबला ‘स्पोर्ट 75’ पहल का पहला कदम भी बताया गया है।
इस पहल का उद्देश्य खेल के क्षेत्र में भारत और जापान के बीच आपसी सहयोग और खिलाड़ियों तथा लोगों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। यह पहल दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच हुई सहमति के बाद शुरू की गई है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इस अवसर को क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि भारतीय टीम का जापान में खेलना खेल के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे जापान और पूर्वी एशिया में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने का अवसर मिलेगा। 22 सितंबर को होने वाला यह मुकाबला केवल एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि भारत और जापान के बीच खेल, संस्कृति और कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है।