धोनी और फ्लेमिंग के होने से मेरे लिए फैसला लेने आसान हुए : रितुराज
Apr 09, 2024
चेन्नई । कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को जीत दिलाने वाले कप्तान रितुराज गायकवाड़ ने कहा है कि पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी और कोच स्टीफन फ्लेमिंग के कारण उनके लिए कप्तानी करना आसान हो गया है। रितुराज को आईपीएल 2024 सत्र के ठीक पहले कप्तान बनाया गया था। सीएसके ने इस मैच में केकेआर को नौ विकेट पर 137 रन पर रोकने के बाद 17.4 ओवर में ही तीन विकेट पर लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। रुतुराज ने जीत के बाद कहा, ‘‘ इस टीम में मुझे किसी से कुछ कहने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि हर कोई अनुभवी है और अपनी भूमिका जानता है। इसके अलावा धोनी और फ्लेमिंग के होने से उन्हें फैसले लेने के लिए सलाह भी मिल जाती है।’’
रुतुराज को इस मैच में पहली अर्धशतकीय पारी के साथ ही पुरानी बातें भी याद आ गयीं। उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे पुरानी बातें याद आ गईं। आईपीएल में जब मैंने अपना पहला अर्धशतक लगाया था तब भी धोनी मेरे साथ मैच में लक्ष्य तक पहुंचने तक साथ थे।’’ मैच में धीमी बल्लेबाजी को लेकर उन्होंने कहा, ‘‘ अजिंक्य रहाणे के फिट नहीं होने के कारण जिम्मेदारी मेरे ऊपर थी इसलिए मैंने अधिक जोखिम नहीं लेने का फैसला किया क्योंकि इससे आगे आने वाले खिलाड़ियों पर दबाव पड़ता।.’’