हरभजन ने पूर्व पीसीबी प्रमुख से कहा जहां चाहो वहां खेलो
Sep 08, 2023
नई दिल्ली टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी)के पूर्व प्रमुख नजम सेठी को आड़े हाथों लिया है। हरभजन ने कहा है कि सेठी आधारहीन बातें न करें। इससे पहले सेठी ने एक्स पर कहा कि भारत, पाक से खेलने से डर रहा है। इस पर हरभजन ने उन्हें करारा जवाब दिया है।
हरभजन ने कहा, सेठी आजकल क्या धूम्रपान कर रहे हैं ये मुझे जानकारी नहीं है। मुझे नहीं पता कि वह कैसे कह रहे हैं कि भारत, पाक के साथ नहीं खेलना चाहता।
हरभजन ने साथ ही कहा, कृपया कोई उन्हें पूरा रिकॉर्ड दे, भारत ने उन्हें सबसे अधिक बार हराया है। पाकिस्तान क्रिकेट के में उनका जो पद रहा है उसे देखते हुए यह उनके लिए आधारहीन बात है। हरभजन यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा, वह कहते हैं, भारत, पाक के साथ नहीं खेलना चाहता क्योंकि भारत डरा हुआ है। भारत कभी भी किसी के साथ खेलने से नहीं डरता। पता नहीं यह कहां से आ रहा है। जहां चाहो हमारे साथ खेलो, हम तुम्हें हरा देंगे।
गौरतलब है कि पीसीबी ने बुधवार को एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) से श्रीलंका में एशिया कप मैचों के आयोजन के कारण हुए गेट मनी के नुकसान के लिए मुआवजे की मांग की थी। सेठी ने एक्स पर लिखा था कि बीसीसीआई और सीसी ने बारिश के पूर्वानुमान के कारण अगले भारत-पाक मैच को कोलंबो से हंबनटोटा में स्थानांतरित करने का फैसला किया है। सेठी ने लिखा कि एक घंटे के भीतर उन्होंने अपना मन बदल लिया और कोलंबो को आयोजन स्थल घोषित कर दिया। क्या हो रहा है? क्या भारत पाक से से हारने से डर रहा है।