अनुष्का शर्मा, अथिया शेट्टी पर हरभजन का कमेंट पड़ा महंगा, माफी मांगने किया मजबूर
Nov 20, 2023
मुंबई । क्रिकेट वर्ल्डकप के दौरान विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा और केएल राहुल की पत्नी अथिया शेट्टी के आपस में बात करने
को लेकर हरभजन सिंह ने ऐसा कुछ कह दिया कि दर्शकों ने उन्हें माफी मांगने पर मजबूर कर दिया। मैच के दौरान जहां भारतीयों ने खूब सपोर्ट किया वहीं, खिलाड़ियों को सपोर्ट करने के लिए कई खिलाड़ियों की पत्नियां भी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंची थीं। इनमें विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा और केएल राहुल की पत्नी अथिया शेट्टी भी शामिल थीं। क्रिकेट मैच के दौरान कैमरे का फोकस इन दोनों एक्ट्रेसेज पर कई बार किया गया। क्रिकेट के मैदान में विराट और राहुल बल्लेबाजी कर रहे, तब कैमरे का फोकस बार-बार आथिया और अनुष्का पर किया जा रहा था। अनुष्का शर्मा और अथिया शेट्टी साथ बैठी हुईं थीं। दोनों अपने-अपने पार्टनर्स के साथ-साथ पूरी भारतीय टीम का सपोर्ट कर रही थीं। दोनों के ताली बजाते और टीम की सिचुएशन पर रिएक्शन देते हुए देखा गया। उनके वीडियोज भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए। दोनों को और किसी बात पर गंभीर चर्चा भी करते हुए देखा गया। कॉमेंटेटर्स द्वारा भी अनुष्का शर्मा और अथिया शेट्टी को लेकर कई बार कमेंट्स किए गए। लेकिन पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह अनुष्का शर्मा-अथिया शेट्टी को लेकर कुछ ऐसा बोल गए, जिससे उनके फैंस भड़क गए और हरभजन को माफी मांगने के लिए कहा। हरभजन अपने कमेंट्स के लिए ट्रोल हो रहे हैं।
दरअसल, एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें हरभजन सिंह, अनुष्का और अथिया की क्रिकेट की समझ पर सवाल उठा रहे हैं। अनुष्का और अथिया से बात करते देख हरभजन सिंह ने कहा, मैं ये सोच रहा हूं कि बात क्रिकेट की हो रही है या फिल्मों की। क्योंकि क्रिकेट के बारे में उन्हें कितनी समझ है, मैं नहीं जानता। हरभजन सिंह के इस कमेंट्स पर फैंस ने उन्हें आडे़ हाथ लिया और उन्हें माफी मांगने के लिए कहा। किसी ने कहा कि हरभजन ने दोनों एक्ट्रेस को अपमान किया है। यह एक भद्दा कमेंट है। इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। किसी ने कहा कि ऐसा जरूरी नहीं है कि क्रिकेट समझ होने पर ही क्रिकेट देख सकते हैं। हालांकि भज्जी का इस पर कोई रिएक्शन नहीं आया है।