रोहित की कप्तानी में डेब्यू करने वाले आधे खिलाड़ी बाहर हुए
Feb 29, 2024
नई दिल्ली । रोहित शर्मा की कप्तानी में अबतक 10 खिलाड़ियों ने टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया है और इसमें से केवल पांच ही अंतिम ग्यारह में बरकरार रह पाये हैं। उनकी कप्तान में यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल और सरफराज खान व आकाशदीप ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज से डेब्यू किया है। इनमें से यशस्वी और ध्रुव जुरेल ने ही सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। यशस्वी ने 8 टेस्ट मैचों में 971 रन बनाये हैं जबकि ध्रुव जुरेल ने भी अब तक खेले गये दो मैचों में शानदार भूमिका निभाते हुए भारतीय टीम को जीत दिलायी है।
सरफराज के अलावा रजत पाटीदार ने भी अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की।सरफराज ने अपने पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में ही अर्धशतक लगा दिये हालांकि रजत पाटीदार ने अब तक निराश किया है। रजत अब तक केवल 63 रन ही बनाने में सफल रहे। आकाशदीप ने अपने पहले ही मैच में 3 विकेट लेकर सभी का ध्यान खींचा है। रोहित की कप्तानी में खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव और केएस भरत ने भी टेस्ट पदार्पण किया था पर अब ये दोनो ही बाहर हो गये हैं। वहीं केएस भरत भी अंतिम ग्यारह में जगह नहीं बना पा रहे।
इसके अलावा ईशान किशन, मुकेश कुमार और प्रसिद्ध कृष्णा ने भी रोहित शर्मा की कप्तानी में ही डेब्यू किया था पर इनमें से केवल मुकेश ही वर्तमान भारतीय टीम में शामिल हैं। ईशान किशन और प्रसिद्ध कृष्णा बाहर हो गये हैं। ईशन और कृष्णा उन्हें मिले अवसरों का लाभ नहीं उठा पाये। ध्रुव जुरेल ने जिस प्रकार का प्रदर्शन किया है उसके बाद ईशान के लिए वापसी मुश्किल हो गयी है। कुल मिलाकर बात करें तो रोहित की कप्तानी में डेब्यू करने वाले 10 में से 3 क्रिकेटर भी अब भारतीय टीम की अंतिम ग्यारह में शामिल हैं।