हफीज ने पीसीबी पर युवा क्रिकेटरों की उपेक्षा का आरोप लगाया
Apr 11, 2024
लाहौर । पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम चयन पर कड़ी आपत्ति जतायी है। पाक टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ खिलाफ 18 अप्रैल से 5 मैचों की एक टी20 सीरीज खेलेगी। हफीज पूर्व में टीम डायरेक्टर भी रहे हैं। उनका कहना है कि इस टीम में युवाओं को अधिक अवसर नहीं दिया गया है। हफीज ने अपनी नाराजगी सोशल मीडिया पर की है। हफीज ने फिक्सिंग के लिए सजा पाने वाले मोहम्मद आमिर और संन्यास से वापस लौटने वाले इमाद वसीम को टीम में शामिल किये जाने को गलत बताया है।
हफीज के अनुसार इन दोनो की जगह युवाओं को शामिल किया जाना था। इस पूर्व कप्तान ने सोशल मीडिया के जरिये पीसीबी पर निशाना साधा है। हफीज ने कहा कि बोर्ड के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में घरेलू क्रिकेट के युवाओं को मौका देने का अच्छा मौका था पर उसने सीनियर और रिटायर्ड खिलाड़ियों को शामिल किया है। जहां कुछ लोग हफीज के इस कमेंट को अच्छा बता रहे हैं तो कई उनके खिलाफ हैं। कुछ लोगों का कहना है कि टीम डायरेक्टर के रूप में फेल होने के बाद हफीज इस तरह से पीसीबी को निशाना बना रहे हैं। आमिर की 4 साल बाद पाकिस्तान टीम में वापसी हुई हैद्य। आमिर आगामी टी20 विश्व कप 2024 में पाकिस्तान टीम का हिस्सा होंगे। इसी प्रकार ऑलराउंडर इमाद को भी विश्व कप को देखते हुए रखा गया है।