गावस्कर बोले, विराट के सामने नहीं चलेगी इंग्लैंड की आक्रामक रणनीति
Jan 22, 2024
नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा कि भारतीय टीम के खिलाफ सीरीज में इंग्लैंड की आक्रामक रणनीति काम नहीं करेगी। गावस्कर के अनुसार इस सीरीज में इंग्लैंड की आक्रामक रणनीति का सामना करने के लिए भारत के पास विराट कोहली जैसा अनुभवी बल्लेबाज है। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड की रणनीति को नाकाम करने की पूरी क्षमता विराट में है। गावस्कर ने कहा, ‘विराट आजकल जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे हैं, उनका मूवमेंट अच्छा है। वह जिस फॉर्म में हैं, उसे देखते हुए इंग्लैंड की आक्रामक रणनीति का सामना करने के लिए हमारे पास विराट जैसा बल्लेबाज है।
उन्होंने कहा कि कोहली 152 रन और बनाते ही टेस्ट क्रिकेट में 9000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों के क्लब में जुड़ जाएंगे। वह आगामी सीरीज में भारत के ट्रंपकार्ड होंगें। उनके नाम 113 मैच में 29 अर्धशतक और 30 शतक हैं। गावस्कर ने कहा, ‘हां, पारी को बढ़ाने का मतलब अर्धशतक से ज्यादा शतक होना है। कोहली के पास शतक और अर्धशतक करीब करीब बराबर ही हैं, इसका मतलब है कि उनकी अर्धशतक को शतक में बदलने की गति काफी अच्छी है। उन्होंने कहा, ‘इंग्लैंड ने पिछले एक दो साल से टेस्ट क्रिकेट में आक्रामक रणनीति का जो नया तरीका अपनाया है उसमें बल्लेबाज तेजी से रन बनाने का प्रयास करते हैं। ये रणनीति भारत में इसलिए कारगर नहीं होगी क्योंकि हमारे पास कई अच्छे स्पिनर हैं।