ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय और टी20 सीरीज के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चार नये खिलाड़ी शामिल
Dec 26, 2023
नई दिल्ली । ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय और टी20 सीरीज के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गयी है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में उतरने वाली भारतीय टीम में चार नये खिलाड़ियों को भी अवसर मिला है। भारतीय टीम इस दौरे में तीन एकदिवसीय और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी। हरमनप्रीत कौर दोनों ही प्रारुपों में कप्तान रहेंगी। वहीं अनुभवी बल्लेबाज स्मृति मंधाना उप कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी। भारतीय टीम में पहली बार श्रेयंका पाटिल, मन्नत कश्यप, सैका इशाक और टिटास साधु जैसी युवा खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। स्पिनर कश्यप को इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम में लिया गया था पर उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था अब देखना है कि उन्हें अंतिम ग्यारह में अवसर मिलता है या नहीं।
वहीं श्रेयंका ने इस महीने की शुरूआत में ही इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था जबकि सैका इशाक ने पहले महिला प्रीमियर लीग में मुंबई की टीम की तरफ से अच्छा प्रदर्शन किया था। एकदिवसीय सीरीज के सभी मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाएंगे। पहला एकदिवसीय मैच 28 दिसंबर को जबकि दूसरा मैच 30 दिसंबर और तीसरा व अंतिम मैच दो जनवरी को खेला जाएगा। इसके बाद नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में 5, 7 और 9 जनवरी को तीन मैचों की टी20 सीरीज होगी।
एकदिवसीय सीरीज के लिए टीम इस प्रकार है : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, शैफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, श्रेयंका पाटिल, मन्नत कश्यप, सैका इशाक, रेणुका सिंह ठाकुर, टिटास साधु, पूजा वस्त्राकर, स्नेह राणा, हरलीन देयोल।
टी20 टीम के लिए टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, शैफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, श्रेयंका पाटिल, मन्नत कश्यप, सैका इशाक, रेणुका सिंह ठाकुर, टिटास साधु, पूजा वस्त्राकर, कनिका आहूजा, मिन्नू मणि।