पहली बार किसी गेंदबाज की कप्तानी में टी20 सीरीज में उतरेगी भारतीय टीम बुमराह के पास सहवाग को पीछे छोड़ने का मौका
Aug 16, 2023
मुम्बई । तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। ये सीरीज 18 अगस्त से शुरू हो रही है। बुमराह लंबे समय के बाद इस सीरीज से वापसी करेंगे। इससे उनकी फिटनेस का भी पता चल जाएगा। पहली बार किसी विशेषज्ञ गेंदबाज की कप्तानी में भारतीय टी20 टीम उतर रही है। बुमराह यदि सीरीज में 2 भी मैच जीत लेते हैं, तो पूर्व कप्तान वीरेंद्र सहवाग के एक मैच जीतने के रिकार्ड को पीछे छोड़ देंगे।
टीम इंडिया की ओर से अब तक 10 खिलाड़ियों ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में कप्तानी की है। इस प्रकार बुमराह कप्तानी करने वाले 11वें खिलाड़ी होंगे। पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने कप्तान के तौर पर सबसे अधिक 41 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जीते हैं। वहीं रोहित शर्मा की कप्तानी में 39, विराट कोहली की कप्तानी में 30 और हार्दिक पंड्या की कप्तानी में 10 टी20 मैच जीते है. अन्य कोई भारतीय कप्तान 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं जीत पाया है। भारत और आयरलैंड के बीच अब तक 5 टी20 के मुकाबले खेले गए हैं और सभी मैच भारतीय टीम जीतने में सफल रही है। इस बार भी भारतीय टीम जीत की प्रबल दावेदार है।
टीम इंडिया की ओर से सुरेश रैना ने कप्तान के तौर पर 3, ऋषभ पंत ने 2 जबकि शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, केएल राहुल और सहवाग ने एक-एक टी20 मैच जीते हैं।
दुनिया में कप्तान के तौर पर सबसे अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच जीतने वाले खिलाड़ियों की बात करें, तो पाकिस्तान के बाबर आजम संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। बाबर के अलावा इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ऑयन मॉर्गन और अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान ने 42-42 टी20 मुकाबले जीते हैं।
आजम ने अब तक पाकिस्तान की ओर से 71 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में कप्तानी की है। 42 में जीत मिली है जबकि 23 में उन्हें हार मिली है। 6 मैच का परिणाम नहीं आया है।
आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में सभी की नजरें रिंकू सिंह पर रहेंगी। रिंकू ने आईपीएल 2023 में आक्रामक बल्लेबाजी की थी। इसके अलावा जितेश शर्मा, तिलक वर्मा, शिवम दुबे और यशस्वी जायसवाल भी इस सीरीज में धमाम मचा सकते हैं। भारत और आयरलैंड के बीच 3 टी20 मैच 18, 20 और 23 अगस्त को खेले जाएंगे।
आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है :
जसप्रीत बुमराह (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, संजू सैमसन (विकेटकीपर), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार और आवेश खान।