भोपाल में मछुआरों ने मत्स्य महासंघ कार्यालय को घेरा:लंबित भुगतान को लेकर प्रदर्शन; बड़े आंदोलन की चेतावनी

Aug 07, 2026

भोपाल- स्थित मध्यप्रदेश मत्स्य महासंघ (सहकारी मर्यादित) के संचालक कार्यालय में गुरुवार को हलाली डैम से जुड़े सैकड़ों मछुआरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। मछुआरों ने डिफर्ड वेज की राशि, लंबित भुगतान और अधिकारियों की कथित उदासीनता के विरोध में प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने दफ्तर घेर लिया।

मछुआरों का कहना था कि हर वर्ष जुलाई माह में मिलने वाला डिफर्ड वेज का भुगतान इस बार अब तक नहीं किया गया है। इसके अलावा 80-20 नाव-जाल योजना, मीनाक्षी विवाह योजना, मृत्यु सहायता राशि एवं प्रोत्साहन योजना सहित अन्य योजनाओं का भुगतान भी लंबे समय से लंबित है। इससे मछुआरा परिवार गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।

बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगवा रहे


मछुआरों ने आरोप लगाया कि भुगतान के लिए उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगवाए जा रहे हैं। कभी नई फाइल, कभी नए दस्तावेज और कभी अधिकारियों की अनुपस्थिति का हवाला देकर उन्हें टाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की स्कूल फीस, किताबें, घरेलू खर्च, बैंक की किस्तें और इलाज जैसी आवश्यक जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। इसके बाद उन्होंने विभाग के सीजीएम रवि गजभिए को ज्ञापन भी सौंपा।

ज्ञापन में कहा कि हलाली डैम की मछुआरा समितियों को पूर्व में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है और स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा उनके कार्यों की सराहना की गई है। बावजूद इसके आज वही मछुआरे अपनी मेहनत की कमाई के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। मछुआरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपनी आवाज मुख्यमंत्री, मत्स्य पालन मंत्री एवं शासन के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाते हुए आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।

Subscribe to our Newsletter