बैंकिंग सेक्टर के भविष्य पर दो दिवसीय मंथन, वित्त मंत्री करेंगी अध्यक्षता
Aug 11, 2026
- 17-18 अगस्त को आयोजित होगा सम्मेलन, 125 शीर्ष अधिकारी लेंगे भाग
नई दिल्ली (ईएमएस)। वित्त मंत्रालय अगले सप्ताह सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) और वित्तीय संस्थानों के लिए दो दिवसीय शिखर सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। 17 और 18 अगस्त को होने वाले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करेंगी। इसका उद्देश्य बैंकिंग क्षेत्र की कार्यप्रणाली में सुधार लाना, सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करना और जमा बढ़ाने से लेकर प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को ऋण देने जैसे सात प्रमुख बिंदुओं पर एक प्रभावी रणनीति तैयार करना है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी), नाबार्ड, सिडबी, निर्यात-आयात बैंक (एक्जिम बैंक) सहित विभिन्न प्रमुख वित्तीय संस्थानों के लगभग 125 शीर्ष अधिकारी हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन भाग लेने वाले संस्थानों को बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने, बड़े स्तर पर लागू किए जा सकने वाले कदमों की पहचान करने और बैंक क्षेत्र के लिए समयबद्ध तथा व्यावहारिक रणनीति तैयार करने का मंच उपलब्ध कराएगा।
सम्मेलन में जिन सात प्रमुख विषयों पर मंथन होगा, उनमें जमा राशि जुटाना (ताकि सस्ते ऋण मिल सकें), युवाओं के लिए बैंकिंग सेवाएं, निवेश चक्र को समर्थन (खासकर बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए), वैश्विक क्षमता केंद्रों को सहयोग, कृषि और बागवानी मूल्य श्रृंखला के लिए बुनियादी ढांचा, क्रेडिट कार्ड कारोबार को नए सिरे से विकसित करना और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को ऋण देना शामिल हैं। प्रत्येक विषय पर गहन चर्चा के लिए विशेष समूह बनाए जाएंगे, जो सफल उपायों की पहचान कर उन्हें पूरे बैंकिंग तंत्र में लागू करने की सिफारिश करेंगे।