विराट से मिलकर बेहद उत्साहित हैं महिला क्रिकेटर श्रेयांका
Mar 21, 2024
बेंगलुरू । महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में आरसीबी की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली श्रेयांका पाटिल स्टार बल्लेबाज विराट कोहली से मिलकर बेहद उत्साहित है। श्रेयांका ने आरसीबी के एक कार्यक्रम में विराट से मुलाकात को अपनी जिंदगी का अनमोल क्षण बताया है। डब्ल्यूपीएल में सबसे अधिक विकेटों के लिए ‘परपल कैप जीतने वाली श्रेयांका के लिये सबसे बड़ा पल वह रहा जब उन्हें विराट से मिलने का अवसर मिला। श्रेयांका ने एलिमिनेटर और फाइनल में डैथ ओवरों में काफी अच्छी गेंदबाजी की थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें भरोसा ही नहीं था कि बचपन से उनके पसंदीदा क्रिकेटर रहे कोहली उनका नाम जानते हैं।
इस क्रिकेटर ने विराट के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, ‘उनकी वजह से मैंने क्रिकेट देखना शुरू किया था। उनके जैसा बनने का सपना देखा करती थी। वहीं कल मेरे जीवन का अब सबसे अनमोल पल था जब उनसे मुलाकात हुई। उन्होंने साथ ही लिखा, ‘विराट ने मिलते ही कहा, ‘हाय श्रेयांका। अच्छी गेंदबाजी की। उन्हें मेरा नाम पता था इससे मुझे बेहद खुशी हुई। इससे पता चलता है कि अब महिला क्रिकेटर भी लोकप्रिय होने लगी हैं।