पिता चाहते थे मैं क्रिकेटर बनूं : ऋषभ
May 28, 2024
नई दिल्ली । आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने कहा कि पिता उन्हें क्रिकेटर बनाना चाहते थे और मुझे इस बात की खुशी है कि उनका सपना पूरा कर सका हूं। ऋषभ ने यह बात आईपीएल के 2024 में वापसी करते हुए किये शानदार प्रदर्शन को लेकर कही है। वह दिसंबर 2022 में एक भीषण कार हादसे में गंभीर रुप से घायल हो गये थे। इसके 14 महीने बाद मैदान पर वापसी करते हुए उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। वह इस सत्र में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बने हैं। उन्होंने 13 मैचों में 40.55 की औसत से 446 रन बनाए। इसी कारण उन्हें आगामी टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है
भारत के पूर्व साथी धवन के साथ हाल ही में बातचीत में, पंत ने कहा कि जब वह 5वीं कक्षा में थे तब उन्होंने क्रिकेटर बनने का फैसला किया और उन्हें अपने पिता से बहुत समर्थन मिला। इस क्रिकेटर ने अनुभवी सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के साथ एक कार्यक्रम में कहा कि क्रिकेटर बनना मेरे पिता का सपना था और मुझे खुशी है कि मैं इसे पूरा कर सका। जब मैं 5वीं कक्षा में था तब मैंने तय कर लिया था कि मुझे क्रिकेटर बनना है। मेरे पिता ने मुझे चौदह हजार का बल्ला भी उपहार में दिया था।
धवन ने इस दौरान एक गलतफहमी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मैं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच के दौरान सीमा के पास क्षेत्ररक्षण कर रहा था। ऋषभ ने मुझे थोड़ा दूर हटने के लिए कहा था, लेकिन मैंने उसे बताया कि गेंदबाज ने मुझे वहीं खड़े रहने के लिए कहा है। कुछ देर बाद गेंदबाज ने मुझे वहां जाने के लिए कहा जहां ऋषभ सुझाव दे रहे थे। इसके बाद मैंने यह पुष्टि करने के लिए ऋषभ की ओर देखा कि मुझे कहां खड़ा होना है। उन्होंने मेरी ओर देखा और फिर मुझे नजरअंदाज कर दिया, तब मुझे उनपर थोड़ा गुस्सा आया था।