आईपीएल में वापसी कर रहे स्टार्क पर रहेंगी नजरें
Mar 21, 2024
नई दिल्ली । आईपीएल सत्र में इस बार कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) की ओर से खेल रहे ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क पर सबकी नजरें रहेंगी। इसका कारण है कि स्टार्क अब तक के आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। स्टार्क को ऐसे ही नहीं मिल गयी इतनी बड़ी रकम। इससे पहले उनपर 99 बार बोली लगी थी। वहीं अंतिम बोली केकेआर ने सबसे ज्यादा 24.75 करोड़ रुपये की लगायी थी। .
स्टार्क अब 8 साल बाद आईपीएल में खेलते नजर आएंगे। उन्होंने अंतिम बार रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की ओर से साल 2015 में खेला था। इसके बाद से ही वह अलग-अलग कारणों से इस लीग से बाहर थे। वह कभीऑस्ट्रेलियन टीम की ओर से व्यस्त रहने के साथ ही चोटिल होने के कारण आईपीएल से बाहर थे। साल 2028 में केकेआर ने उन्हें 9.40 करोड़ में खरीदा था पर वह चोटिल होने के कारण मैदान पर नहीं उतरे थे।
ऐसे में स्टार्क पर आईपीएल के इस सत्र में बहुत दबाव भी रहेगा। वहीं ये भी कहा जाता है कि स्टार्क दबाव में ही अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं। विश्वकप में ये सामने आया है। भारत में खेले गए इस विश्व कप के लीग मैचों में स्टार्क लय में नहीं थे पर नॉकआउट मैचों से सेमीफाइनल और फाइनल में उन्होंने जबरदस्त गेंदबाजी की। अब जब केकेआर की टीम श्रेयस अय्यर की कप्तानी में आईपीएल 2024 में उतरेगी तो स्टार्क से उसी प्रकार के बेहतर फॉर्म की उम्मीद करेगी। स्टार्क निचले क्रम में अच्छी बल्लेबाज भी करते हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 10 अर्धशतक हैं। स्टार्क का टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा स्कोर 99 है और केकेआर ने भी उन्हें आईपीएल नीलामी में 99वीं बोली लगाकर ही जीता था।
89 टेस्ट और 121 वनडे मैच खेल चुके मिचेल स्टार्क का ऑस्ट्रेलियाई टीम बड़े ही रणनीतिक तरीके से इस्तेमाल करता है। चाहे गेंदबाजी बदलाव हो या आराम देना उनका पूरा ध्यान रखा जाता है। केकेआर को भी यह ध्यान रखना होगा कि मिचेल कई बा चोटिल हो जाते हैं। ऐसे में केकेआर को उन्हें बीच में आराम भी देना होगा। केकेआर की आईपीएल 2024 में सफलता काफी हद तक इस गेंदबाज के प्रदर्शन पर आधारित रहेगी।