हार्दिक ने हार पर निराशा जताते हुए कहा , हम अपना सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन नहीं कर पाये
Apr 23, 2024
जयपुर । मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने आईपीएल मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली हार पर निराशा जताते हुए कहा है कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाये। हार्दिक ने कहा कि टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में ही विफल रही। पंड्या ने मैच के बाद कहा, हमारी शुरुआत ही खराब रही हालांकि तिलक और निहाल ने अच्छी बल्लेबाजी की। हम पारी का समापन उम्मीद के अनुसार नहीं कर पाए और बल्लेबाजी में भी 10 से 15 रन हमने कम ही बनाए।
उन्होंने कहा, लक्ष्य का बचाव करते हुए गेंदबाजी में भी हम उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे, हमें गेंदों को स्टंप्स पर रखा था पर हमने उन्हें पावर प्ले में शरीर से दूर गेंदबाजी की। यह बड़ी गलती रही इससे बल्लेबाजों को शॉट खेलने का अवसर मिल गया, मैदान पर हमारा अच्छा दिन नहीं था। हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया। हर कोई अपनी भूमिका जानता है, हमें अपनी गलतियों को सुधारने की जरूरत है।
इस मैच में कप्तान की रणनीति पर भी सवाल उठे हैं। पंड्या बल्लेबाजी और गेंदबाजी सहित हर विभाग में विफल रहे। कप्तानी में हार्दिक ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया जबकि जयपुर में आमतौर पर दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना आसान हो जाता है। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई का शीर्ष कम्र असफल रहा। इसके अलावा निचले क्रम में हार्दिक भी रन नहीं बना पाये और 10 रनों पर ही आउट हो गये। इसके बाद गेंदबाजी में भी कुछ नहीं कर पाए। उन्होंने दो ओवर की गेंदबाजी की जिसमें 21 रन दिए और एक भी विकेट उन्हें नहीं मिला।