टीम के सुपर आठ में पहुंचने के बाद भी खराब बल्लेबाजी से परेशान हैं शंटो
Jun 18, 2024
किंग्सटाउन । बांग्लादेश क्रिकेट टीम के कप्तान नजमुल हुसैन शंटो अपनी टीम के सुपर आठ में पहुंचने के बाद भी खुश नहीं है। शंटो की निराशा कारण टीम के खिलाड़ियों का खराब प्रदर्शन है। शंटो के अनुसार उनकी टीम किसी प्रकार से सुपर आठ में जगह बनाने में सफल रही पर बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। वह जानते हैं कि उनके बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। बांग्लादेश ने नेपाल जैसी नई टीम को 21 रन से हराकर सुपर आठ में जगह बनाई पर उसकी टीम इस मैच में केवल 106 रन पर आउट हो गई थी जिसके कप्तान परेशान हैं। शंटो ने कहा, ‘‘हमें खुशी है कि हम सुपर आठ में खेलने जा रहे हैं पर हमारे बल्लेबाज अभी तक उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। हमारे गेंदबाजों ने हालांकि पिछले तीन-चार मैच में जिस तरह से गेंदबाजी की उससे वास्तव में मैं बहुत खुश हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि हमारे गेंदबाज अपनी यह फॉर्म बरकरार रखेंगे। वहीं बल्लेबाजी इकाई को लेकर हमें सही रणनीति बनानी होगी जिससे अगले दौर में हमारे बल्लेबाज अच्छी वापसी कर सकें।’’ शंटो ने कहा कि वह नहीं जानते कि उनके बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन क्यों नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने हालांकि यह कहने से इनकार कर दिया कि धीमी पिच इसका कारण है। बांग्लादेश की टीम इस टूर्नामेंट में केवल एक बार नीदरलैंड के खिलाफ 150 रन से अधिक स्कोर बना पाई है। शंटो ने कहा, ‘‘मैं उम्मीद कर रहा हूं कि हमारे गेंदबाज प्रत्येक मैच में हमें जीत दिलाएंगे पर बल्लेबाजों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन क्यों नहीं कर पा रहे हैं, हर कोई इसका पता लगाने की कोशिश कर रहा है। इस प्रकार का कमजोर प्रदर्शन स्वीकार्य नहीं है।’’