325 रन बनाने के बावजूद भी वेस्टइंडीज से हारा इंग्लैंड
Dec 04, 2023
-कैरेबियन पावर के सामने अंग्रेज गेंदबाज हुए धराशायी, नहीं कर सके बचाव
नई दिल्ली । 325 रन बनाने के बावजूद भी वेस्टइंडीज ने पहले वनडे मैच में इंग्लैंड को हरा दिया। शाई होप की कप्तानी पारी की बदौलत मेहमान टीम बुरी तरह से हारी। जानकारी के अनुसार एंटीगा में खेले गए पहले वनडे मैच में मेजबान वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 7 गेंद बाकी रहते 4 विकेट से हराकर 3 मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। इस मुकाबले में कैरेबियाई पावर देखने को मिली। शाई होप ने शानदार शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। जोस बटलर एंड कंपनी ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था। लेकिन बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद भी उसके गेंदबाज इसका बचाव नहीं कर सके। इंग्लैंड ने हैरी ब्रूक के 77 रन और जैक क्राउली के 48 व ओपनर फिल साल्ट के 45 रन की मदद से 325 का स्कोर बनाया।
इधर वेस्टइंडीज की ओर से रोमारियो शेफर्ड, मोती और ओशाने थॉमस ने दो दो विकेट लिए। 326 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विंडीज की शुरुआत धमाकेदार रही। ओपनर एलिक एथानेज और ब्रेंडन किंग की जोड़ी ने पहले विकेट लिए 104 रन जोड़े। एथानेज 65 गेंदों पर 66 रन बनाकर पवेलियन लौटे। जबकि ब्रेंडन किंग 44 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद केसी कार्टी ने 16 रन का योगदान दिया।
कप्तान और विकेटकीपर शाई होप ने 83 गेंदों पर 4 चौकों और 7 छक्कों की मदद से नाबाद 109 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को रोमांचक जीत दिलाई।
मैच में शिमरोन हेटमायेर 32 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रोमारियो शेफर्ड ने 28 गेंदों पर 49 रन की तूफानी पारी खेली। शाई होप ने 51 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की जबकि शतक के लिए लिए 82 गेंदों का सहारा लिया। इसी तरह इंग्लैंड की ओर से गस एटकिंसन और रेहान अहमद ने 2-2 विकेट चटकाए। तेज गेंदबाज सैम करेन ने 9.5 ओवर में 98 रन लुटाए और उन्हें कोई सफलता हाथ नहीं लगी। शाई होप को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।