इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज को 241 रनों से हराया
Jul 22, 2024
सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की
नॉटिंघम। इंग्लैंड ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में भी मेहमान टीम वेस्टइंडीज को 241 रनों से हराकर 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इस मैच में जीत के लिए मिले 385 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडीज टीम 143 रनों पर ही सिमट गयी। मेजबान टीम की ओर से स्पिनर शोएब बशीर ने दूसरी पारी में पांच विकेट लेकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं क्रिस वोक्स और गट एटकिंसन ने 2-2 विकेट लिए।
इस मैच में वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 457 रन बनाकर 41 रनों की बढ़त हासिल की थी। इसके बाद भी वह मैच हार गयी जिससे सभी हैरान हैं। इस मैच में मेजबान टीम इंग्लैंड की जीत में जो रूट के शानदार शतक के बाद शोएब बशीर की स्पिन गेंदबाजी की अहम भूमिका रही। इस मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ओली पोप के 121 रनों की सहायता से 416 रन बनाए। वहीं इसके बाद वेस्टइंडीज की टीम ने केवेम हॉज के शतक 120 रनों की सहायाता से 457 रन बनाकर बढ़त हासिल की। वहीं दूसरी पारीम में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 425 रन बनाये। रूट ने 122 और हैरी ब्रूक ने 109 रन बनाये। वहीं वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में मेजाबन टीम के गेंदबाजों का सामना नहीं कर पायी और उसे हार का सामना करना पड़ा। टीम के कप्तान क्रेग ब्रैथवेट ने 47 और मिकाइल लुईस 17 ने शुरुआत में ही 61 रन बनाकर पारी की अच्छी शुरुआत की पर इनके आउट होने के बाद बाकि के बल्लेबाज रन नहीं बना पाये। केवल जेसन होल्डर ही 37 रन बनाकर मेजबान टीम के गेंदबाजों का कुछ हद तक सामना कर पाये।