ध्रुव और सरफराज ने टेस्ट डेब्यू किया
Feb 15, 2024
राजकोट । युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरैल और सरफराज खान ने गुरुवार को यहां इंग्लैंड के खिलाफ शुरु हुए तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच से अपना टेस्ट डेब्यू किया। इस मैच के लिए भारतीय टीम ने चार बदलाव करते हुए दो खिलाड़ियों को टेस्ट डेब्यू का अवसर दिया। वहीं दो अनुभवी खिलाड़ियों की भी टीम में वापसी हुई है। इस मैच से युवा ध्रुव और सरफराज का टेस्ट खेलने का सपना पूरा हुआ।
दोनो ही टीमों के बीच ये मैच बेहद अहम माना जा रहा है। पहला टेस्ट जहां इंग्लैंड ने जीता। वहीं दूसरा मैच भारतीय टीम ने जीता। इस प्रकार ये सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। ध्रुव जुरेल को विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने डेब्यू कैप दी। उन्हें केएस भरत की जगह पर अवसर दिया गया है। इसका कारण ये है कि भरत पहले दक्षिण अफ्रीका और अब इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो मैचों में प्रभावित नहीं कर पाये हैं। ध्रुव के पिता सेनानिवृत सैन्य अधिकारी हैं और चाहते थे उनका बेटा भी सेना में जाये पर ध्रुव को क्रिकेटर बनने की धुन थी जो अब पूरी हो गयी। वहीं सरफराज को श्रेयस अय्यर की जगह शामिल किया गया।
\श्रेयस पिछले काफी समय से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने के साथ ही फिटनेस से भी जूझ रहे थे। सरफराज को दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले ने टेस्ट कैप सौंपी। सरफराज पिछले काफी समय से टेस्ट पदार्पण के लिए प्रयास कर रहे थे पर घरेलू क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन के बाद भी इन्हें अवसर नहीं मिल रहा था। ऐसे में सरफराज के डेब्यू पर उनके पिता भी भावुक को गये।