धवन को मिला पत्नी आयशा से तलाक

नई दिल्ली । क्रिकेटर शिखर धवन को पत्नी आयशा से तलाक मिल गया है। दिल्ली की एक अदालत ने धवन के तलाक को मंजूरी दे दी। अदालत ने माना है कि धवन को उनकी पत्नी आयशा मुखर्जी प्रताड़ित कर रही थी जिससे वह मानसिक पीड़ा से गुजर रहे थे। इसी को आधार मानते हुए तलाक को मंजूरी मिली है। परिवार अदालत ने शिखर धवन के तलाक को मंजूरी देते हुए कहा कि धवन की पत्नी ने क्रिकेटर को अपने इकलौते बेटे से अलग रहने के लिए मजबूर करके मानसिक पीड़ा पहुंचाई है।

अदालत ने धवन द्वारा अपनी पत्नी के खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को भी स्वीकार कर लिया। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि धवन की पत्नी ने भी इन आरोपों का विरोध नहीं किया और न ही बचाव किया। धवन ने अपनी तलाक याचिका में कहा था कि वह पत्नी की मानसिक क्रूरता का शिकार हो रहे हैं। 

धवन की शादी अक्टूबर 2012 में आयशा से हुई थी। आयशा ने भी एक सोशल मीडिया पोस्ट में 2021 में तलाक लेने की बात कही थी। धवन ने इस मामले पर एक साक्षात्कार में अपना पक्ष भी रखा था। तब उन्होंने साफ तौर पर माना था कि रिश्ते में आते तनाव को वह देख नहीं पाए थे। धवन ने कहा कि मैं असफल हुआ क्योंकि अंतिम निर्णय व्यक्ति का अपना होता है। मैं दूसरों पर उंगली नहीं उठाता। मैं असफल हुआ क्योंकि मुझे उस क्षेत्र के बारे में जानकारी नहीं थी। 

अदालत ने धवन को भारत और ऑस्ट्रेलिया में जहां आयशा मुखर्जी रहती हैं, अपने बेटे से मिलने और वीडियो कॉल पर उससे बातचीत करने का अधिकार भी दिया। 



Subscribe to our Newsletter