डब्ल्यूपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रही दीप्ति
Mar 15, 2024
नई दिल्ली । ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा आजकल महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) क्रिकेट में धूम मचा रही है। यूपी वॉरियर्स की ओर से खेल रहीं दीप्ति ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हैट्रिक लेकर डब्ल्यूपीएल में यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनने का रिकार्ड अपने नाम किया था। वहीं गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में दीप्ति ने 60 गेदों पर 9 चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 88 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। इस मैच में उन्होंने 22 रन देकर दो विकेट भी लिए थे। दीप्ति के इस ऑलराउंड प्रदर्शन के बाद भी यूपी वॉरियर्स को मैच में 8 रन की हार का सामना करना पड़ा था।
लीग के इस सत्र में दीप्ति अब तक सबसे मूल्यवान खिलाड़ी साबित हुईं हैं। इस बल्लेबाज ने टूर्नामेंट के आठ मैचों में 98.33 के औसत और 136.57 के स्ट्राइक रेट से सर्वाधिक 295 रन बनाए हैं। इसके अलावा अब तक 21.7 के औसत से 10 विकेट भी लिए हैं। गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन के आधार पर वह आरेंज कैप के साथ ही पर्पल कैप की रेस में ही हैं। दीप्ति ने साल 2023 के अंत में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में भारतीय टीम की जीत में भी अहम भूमिका निभाई थी। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में उसने 39 रन देकर 9 विकेट लेने के अलावा बल्लेबाज के दौरान 67 रन भी बनाये थे। वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में 78 रन बनाए थे.