दीप्ति ने विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतकर पिछला रिकार्ड तोड़ा
May 23, 2024
कोबे । भारत की दीप्ति जीवनजी ने जापान में विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। दीप्ति ने महिलाओं की 400 मीटर टी20 वर्ग दौड़ में 55.07 सेकंड का समय निकालकर विश्व रिकार्ड बनाने के साथ ही जीत दर्ज की। इसी के साथ ही दीप्ति ने 2023 में पेरिस में विश्व चैंपियनशिप में अमेरिका की ब्रेन्ना क्लार्क द्वारा बनाए गए 55.12 सेकंड के पिछले रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। दीप्ति ने विश्व चैंपियनशिप में में दौड़ की अच्छी शुरुआत की और पहले 200 मीटर में आगे रहीं पर क्लार्क ने इसके बाद बराबरी हासिल कर ली। दीप्ति ने अंतिम पांच मीटर में जीत हासिल करने के लिए जबरदस्त प्रयास किया जो सफल रहा।
वहीं तुर्की की आयसेल ओन्डर 55.19 सेकेंड के साथ दूसरे और इक्वाडोर की लिजानशेला एंगुलो 56.68 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। गौरतलब है कि टी20 वर्गीकरण बौद्धिक रूप से अक्षम एथलीटों के लिए है।
दीप्ति की इस उपलब्धि पर उनकी घर में भी खुशी का माहौल है। दीप्ति तेलंगाना के वारंगल की है। उसकी ये उपलब्धि असाधारण है क्योंकि वह एक गरीब परिवार से है। उसने यहां तक के सफर में कई बाधाओं को पार किया है। यहां तक कि प्रशिक्षण के लिए हैदराबाद जाने के लिए बस के टिकट तक के पैसे उसके पास नहीं थे।