कोलंबिया भूकंप में मरने वालों की संख्या 188 हुई, 1677 लोग घायल
Aug 12, 2026
दुनिया भर के कई नेताओं ने अपनी संवेदना और समर्थन किया व्यक्त
बोगोटा,। पश्चिमी कोलंबिया में सोमवार को आए 7.4 तीव्रता के भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 188 हो गई है, जबकि 1,677 लोग घायल हुए हैं। कुल मृतकों में से 95 लोगों की मौत और 997 लोगों के घायल होने की रिपोर्ट सामने आई है, जबकि पेरेइरा में 79 लोगों की मौत और 278 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कोलंबिया के राष्ट्रपति अबेलार्डो डे ला एस्प्रीएला ने बताया था कि भूकंप से 1,575 घरों को नुकसान पहुंचा। साथ ही छह हवाई अड्डों का बुनियादी ढांचा भी प्रभावित हुआ है, जिसके चलते वहां वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं रोक दी गई हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने राष्ट्रीय आपदा की घोषणा कर दी थी। भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:34 बजे पश्चिमी कोलंबिया में आया था। इसका केंद्र चोको विभाग के सैन जोस देल पाल्मार के पास था और इसकी गहराई 96 किलोमीटर दर्ज की गई।
दुनिया भर के कई नेताओं ने कोलंबिया के लोगों के प्रति अपनी संवेदना और समर्थन व्यक्त किया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि इस कठिन समय में कोलंबिया फ्रांस की दोस्ती और समर्थन पर भरोसा कर सकता है। उन्होंने भूकंप प्रभावित लोगों के प्रति अपनी एकजुटता भी जताई। मैक्रों ने एक्स पर लिखा- कोलंबिया में आए इस भयानक भूकंप के बीच मैं फ्रांस की ओर से कोलंबिया की जनता के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।

मेरी संवेदनाएं पीड़ितों, उनके परिवारों, घायलों और इस आपदा से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। हम बचाव टीमों और उन सभी लोगों के साथ भी खड़े हैं, जो साहस के साथ प्रभावित लोगों की मदद कर रहे हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी कोलंबिया के लोगों के प्रति समर्थन और एकजुटता जताई। उन्होंने दुनिया भर के लोगों से अपील की कि वे इस आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आएं।