क्रिकेटर वेंकटेश अय्यर की श्रुति रघुनाथन के साथ हुई सगाई
Nov 22, 2023
नई दिल्ली । टीम इंडिया के क्रिकेटर वेंकटेश अय्यर की श्रुति रघुनाथन के साथ सगाई हो गई है। अब वह जीवन की ‘नई पारी’ खेलने के लिए तैयार हैं। वेंकटेश की श्रुति रघुनाथन के साथ हुई सगाई का फोटो मध्य प्रदेश के इस क्रिकेटर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। इस फोटो में ग्रीन कलर का कुर्ता पहने वेंकटेश और पर्पल कलर की साड़ी पहने श्रुति, एक-दूसरे के साथ हैं। पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘जिंदगी के अगले चेप्टर की ओर। कई क्रिकेटरों ने इस मौके पर वेंकटेश को बधाई दी है जिसमें अर्शदीप सिंह, अवेश खान, मनदीप सिंह, श्रेयस अय्यर, नमन ओझा और युजवेंद्र चहल प्रमुख रूप से शामिल हैं। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में जन्मे 28 वर्षीय वेंकटेश ने भारत की ओर से दो वनडे और 9 टी20 मैच खेले हैं।बाएं हाथ से आक्रामक बैटिंग के साथ मध्यम तेज गेंदबाजी भी करने वाले वेंकटेश को शॉर्टर फॉर्मेट के बेहतरीन प्लेयरों में शुमार किया जाता है। दो वनडे इंटरनेशनल में 24 रन उन्होंने बनाए हैं। 9 टी20 आई की सात पारियों में दो बार नाबाद रहते हुए 33.25 के औसतसे 133 रन और 15.00 के औसत से पांच विकेट उनके नाम पर दर्ज हैं।
टी20 आई में नाबाद 35 रन और 23 रन देकर दो विकेट, वेंकटेश को बैटिंग और बॉलिंग का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम से वेंकटेश खेलते रहे हैं। आईपीएल के 36 मैचों में अब तक उन्होंने 28.12 के औसत और 130.25 के स्ट्राइक रेट से 956 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और सात अर्धशतक हैं, तीन विकेट भी उन्होंने हासिल किए हैं। मध्य प्रदेश की ओर से 12 प्रथम श्रेणी मैचों में उन्होंने 32.50 के औसत से 585 रन बनाए हैं जिसमें छह अर्धशतक हैं।