सड़कों, फुटपाथों व अन्य खुले स्थानों पर रात्रि व्यतीत करने वालों को निगम अमले ने दी समझाइश

Dec 17, 2024

 -सामुदायिक आश्रय स्थल में पहुंचाया

निगम द्वारा सामुदायिक आश्रय स्थलों पर सर्दी से बचाव हेतु बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं

 भोपाल। नगर निगम द्वारा जहां एक ओर कड़ाके की सर्दी में अन्य शहरों,स्थानों से आए गरीब,असहाय नागरिकों को राहत देने हेतु सामुदायिक आश्रय स्थलों (रैन बसेरों) में बेहतर सुविधाएं उपलबध कराई गई हैं वहीं निगम का अमला अपने-अपने जोन क्षेत्रों में सड़कों, फुटपाथों व अन्य खुले स्थानों पर रात्रि व्यतीत करने वाले व्यक्तियों को समझाइश देकर सामुदायिक आश्रय स्थलों में पहुंचाने का कार्य भी लगातार कर रहे हैं। निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 15 स्थायी,अस्थायी आश्रय स्थल संचालित किए जा रहे हैं जहां नागरिकों की सुविधा के लिए पलंग, बिस्तर, कंबल तथा इलेक्ट्रिक हीटर के साथ ही पेयजल, शौचालय आदि की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। 

निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन द्वारा किसी भी नागरिक को सड़कों, फुटपाथों व अन्य खुले स्थानों पर रात्रि व्यतीत न करने देने और ऐसे नागरिकों को समझाइश देकर समीप के सामुदायिक आश्रय स्थल पहुंचाने संबंधी दिए गए निर्देशों के परिपालन में निगम के समस्त जोन में पदस्थ अधिकारी,कर्मचारी निरंतर अपने अधीनस्थ क्षेत्रों में सड़कों, फुटपाथों एवं अन्य खुले स्थानों की निगरानी कर रहे है और खुले स्थानों पर रात्रिकाल में बैठे,लेटे व्यक्तियों के पास जाकर उन्हें निगम द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी देकर आश्रय स्थलों पर ही रात्रि व्यतीत करने की समझाइश दी जा रही है और समझाइश के उपरांत निगम के वाहनों से ही आश्रय स्थल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

कड़ाके सर्दी के दृष्टिगत निगम अमले ने अपने क्षेत्रों की निगरानी और बढ़ा दी है तथा पूरी मुस्तैदी के साथ सड़कों, फुटपाथों आदि क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त और तेज करते हुए खुले स्थानों पर रात्रि व्यतीत करने वालों को समझाइश दी तथा निगम के वाहनों से ही उन्हें आश्रय स्थलों पर पहुंचाया। निगम अमले ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिकों को समीपस्थ आश्रय स्थलों पर पहुंचाया एवं उन्हें सर्दी से बचने की सुविधा बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई।  


Subscribe to our Newsletter