सिटी प्रोफाइल बनाकर निगम कर रहा स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी
Nov 23, 2024
स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 का जनवरी में सर्वे होने का अनुमान
भोपाल। नगर निगम भोपाल इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल आने और पहले से बेहतर करने के उद्देश्य से इस बार वार्डवार सिटी प्रोफाइल बनाकर काम कर रहा है। इसके लिए वार्ड से लेकर जोन तक सफाई की बेहतर व्यवस्था के लिए श्रेणियां तैयार की गई है जिसे सिटी प्रोफाइल नाम दिया गया है। इसके अलावा कचरे के सेगरेशन और शहर का अधिकांश कचरा खंती तक पहुंचाने पर भी फोकस किया जा रहा है। इस काम के लिए अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह के अलावा आयुक्त हरेंद्र सिंह रोजाना सुबह छह बजे उठकर मॉनिटरिंग कर रहे है। चूंकि आयुक्त का दौरा किस जोन या वार्ड में होगा यह निश्चित नहीं रहता है इसको देखते हुए प्रत्येक जोन में पदस्थ एएचओ को जिम्मा दिया गया है कि ड्यूटी पर तैनात सफाईकर्मी हर हाल में सात बजे तक सड़कों पर सफाई काम शुरु कर दें।
सिटी प्रोफाइल में इस तरह से दिया जा रहा सफाई पर विशेष ध्यान
सिटी प्रोफाइल के तहत अपर आयुक्त देवेंंद्र सिंह सभी 21 जोन के अंतर्गत आनेवाले 85 वार्ड में सफाई व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है।इसके लिए प्रत्येक वार्ड का एरिया श्रेणीवार तय कर दिया गया है। इसके तहत मुख्य सड़क, गलियों के अंदर की सड़क, पार्क, सेंट्रल वर्ज, फुटपाथ, रहवासी क्षेत्र, कमर्शियल एरिया और मुख्य बाजार में सफाई पर फोकस किया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक स्थान पर बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए 20-25 कर्मचारियों की टीम भेजी जा रही है।
राजधानी में जनवरी में हो सकता है सर्वेक्षण 2024
जिस तरह से ननि भोपाल के अधिकारी इन दिनों सड़कों पर हर सुबह सफाई व्यवस्था का जायजा ले रहा है उस लिहाज से माना जा रहा है कि यह सर्वेक्षण की तैयारियों का हिस्सा है। चूंकि सर्वेक्षण का परिणाम हर साल मार्च के अंत या अप्रैल में आता है लिहाजा टीम के आने का समय दिसंबर से फरवरी के बीच होता है। इस बार दिल्ली से स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए आनेवाले टीम जनवरी में आने की संभावनाएं है।
डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के जरिए घरों का कचरा उठाया जा रहा
निगम द्वारा डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के जरिए घरों का कचरा उठाया जा रहा है। प्रत्येक वार्ड में मैजिक ऑटो और साइकिल रिक्शा के जरिए निगम कचरा उठवा रहा है। अधिकांश घरों से अभी भी कचरा बगैर सेगरेशन के निगम के पास आ रहा है जिन्हें निर्धारित केंद्र पर गीला-सूखा कचरे का सेगरेशन कर खंती पर भेजा जा रहा है।
अगले साल शुरु हो जाएगा निगम का कचरे से गैस बनाने का प्लांट
नगर निगम द्वारा आदमपुर छावनी में लगाया गया कचरे से गैस बनाने का प्लांट अगले साल शुरु हो जाएगा। कुछ कारणों के चलते गीले कचरे से सीएनजी बनाने का यह प्लांट निर्माण के काम में विलंब हो गया है लेकिन अगले साल से इसकी सुविधा निगम को मिलने लगेगी। यहां प्रदूषण न फैले इसके लिए निगम ने 1 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है जिसकी देखरेख का जिम्मा भी निगम की उद्यान शाखा के पास है।
आयुक्त कर रहे रोजाना सफाई व्यवस्था का निरीक्षण
उधर नगर निगम के सर्वेक्षण में अव्वल आने आयुक्त हरेंद्र नारायण सुबह से ही फिल्ड में मौजूद रहते है। वे स्वच्छता से जुड़े कर्मचारियों का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन के साथ-साथ कमियों को दूर करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी वार्ड और जोनवार चर्चा कर रहे है। बुधवार को भी आयुक्त ने शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।
इनका कहना है: नगर निगम द्वारा सर्वेक्षण 2024 की तैयारियां की जा रही है। इस सर्वेक्षण के लिए तय पेरामीटर पर खरा उतरने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए आयुक्त महोदय और हमारी टीम द्वारा निगरानी की जा रही है। सिटी प्रोफाइल बनाकर सर्वेक्षण में पहले से बेहतर करने का प्रयास रहेगा।