ऋषभ की भूमिका को लेकर अब भी संशय में हैं कोच पोंटिंग
Mar 12, 2024
नई दिल्ली । दिल्ली कैपिटल्स के कोच रिकी पोंटिंग के अनुसार आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत कार हादसे से उबर गये हैं और आईपीएल से वापसी के लिए तैयार हैं। ऋषभ के 22 मार्च से शुरु हो रहे आईपीएल से मैदान पर वापसी की उम्मीदें हैं हालांकि कोच रिकी पोंटिंग अब भी आश्वस्त नहीं हैं कि ऋषभ कप्तानी करेंगे या इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर वापसी करेंगे।
पोटिंग ने कहा, अगर ऋषभ फिट हुए तो हम चाहेंगे कि वह कप्तानी के लिए भी आगे आए पर अगर वह पूरी तरह से फिट नहीं होते हैं तो हम प्रयास करेंगे कि उन्हें कोई और भूमिका दी जाए। हमें अभी भी कुछ फैसले लेने हैं। मुझे लगता है कि सभी उन्हें फिर से क्रिकेट खेलते हुए देखना चाहती है और वह उसी युवा जोश के साथ खेलते है जो उनमें है। अगर वह ऐसा करते हैं तो मुझे पता है कि वह दिल्ली के लिए कुछ मैच जरूर जीतेंगे।
वहीं डेविड वॉर्नर को दिल्ली कैपिटल्स ने बरकरार रखा है। ऋषभ अगर कप्तानी नहीं कर पाते हैं तो ऐसे में वार्नर टीम की कप्तानी करेंगे। वॉर्नर ने इससे पहले भी कई टी20 लीग में कप्तानी की है। उन्होंने साल 2016 में आईपीएल में अपनी कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद को जीत भी दिलाई थी। उस सत्र में वॉर्नर ने जबरदस्त बल्लेबाजी की थी।