सीएम बोले- TET की परीक्षा ऑफलाइन भी कराएंगे:प्रदेश में डेढ़ लाख शिक्षक देंगे एग्जाम; टीचर्स-डे पर शिक्षकों का हुआ सम्मान
Sep 05, 2026
भोपाल में शिक्षक दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में बदलावों को लेकर अहम घोषणा की।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रदेश में पहली बार शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) ऑफलाइन भी आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने, शिक्षकों को सुविधाएं देने और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार बदलाव कर रही है।
आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षकों की भूमिका को देश के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि देश का नक्शा भले कागज पर बनता है, लेकिन देश की किस्मत कक्षाओं में बनती है।
सरकारी स्कूलों के परिणाम का दिया उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के सरकारी विद्यालयों के शिक्षक अपने समर्पण और मेहनत से विद्यार्थियों को आगे बढ़ा रहे हैं। बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम इसका उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि मेरिट सूची में शामिल होने वाले विद्यार्थियों में आधे से अधिक बच्चे सरकारी स्कूलों से होते हैं।
उन्होंने कहा कि यह शिक्षकों की मेहनत, समर्पण और विद्यार्थियों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। सरकार शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए लगातार नए कदम उठा रही है।
शिक्षक विद्यार्थी की प्रतिभा पहचानें
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक अच्छे शिक्षक की सबसे बड़ी उपलब्धि तब होती है, जब उसका विद्यार्थी उससे आगे बढ़कर सफलता हासिल करे। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ पढ़ाने तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा, “जहां गुरुर खत्म होता है और जहां से गुण शुरू होता है, वहीं गुरु खड़ा होता है।” शिक्षक देश की दिशा और भविष्य तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से कम नहीं होंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किए जा रहे बदलावों का उद्देश्य शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करना है। सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के सरकारी स्कूल किसी भी हालत में निजी स्कूलों से कम नहीं होंगे।
उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और वह अपने सपनों को पूरा कर सके, इसके लिए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जा रहा है।