बुमराह ने एक बार फिर अपने को साबित किया

टी20 में अब तक केवल 5 बार 40 से ज्‍यादा रन दिए 

न्यूयॉर्क । भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपने टी20 करियर में किसी मैच में भी 50 से ज्यादा रन नहीं दिये हैं। बुमराह ने टी20 विश्वकप में पाकिस्तान के खिलाफ हुए मैच में एक बार फिर अपने को साबित किया है। बुमराह ने इस मैच में 14 रन देकर तीन विकेट लिए। बुमराह ने सबसे पहले मोहम्मद रिजवान और उसके बाद इफ्तिखार अहमद को आउट कर पाक पर दबाव बनाया। इसके बाद अर्शदीप सहित अन्य गेंदबाज भी पाक पर हावी हो गये। 

बुमराह ने 19वां ओवर में मैच भारत की ओर मोड़ दिया। 18 ओवर के बाद पाकिस्‍तान को जीत के लिए 21 रन की जरुरत थी और उसके पास 5 विकेट थे।  ऐसे में बुमराह ने इस ओवर में केवल 3 रन देकर इफ्तिखार को पेवेलियन भेजा। उन्होंने पारी के 15वें में 3 रन देकर रिजवान को बोल्‍ड किया था। उन्‍होंने विकेट पर गेंदबाजी की और गति में बदलाव व विविधताओं से विरोधी बल्लेबाजों को कोई अवसर नहीं दिया। 

बुमराह ने अब तक के 64 टी20 मैचों के अपने करियर में कभी 50 से अधिक रन नहीं दिए। अपने टी20 करियर में उन्‍होंने अब तक केवल 5 बार 40 से ज्‍यादा रन दिए हैं। वहीं अगस्‍त 2022 में ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ हैदराबाद में उन्‍होंने चार ओवर में बिना विकेट लिए 50 रन दिए थे। उन्होंने 64 टी20 में 18.67 के औसत और 6.44 की इकोनॉमी से 79 विकेट लेकर अपने को साबित किया है।  


Subscribe to our Newsletter