विश्व कप 2023 में नॉकआउट मुकाबलों के टिकिटों की आज से शुरु हुई बुकिंग
Nov 09, 2023
नई दिल्ली । आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 में नॉकआउट मुकाबलों के टिकिटों की बुकिंग आज 9 नवंबर से शुरु कर दी गई है। बता दें कि विश्व कप 2023 के मुकाबले भारत में खेले जा रहे हैं। इसमें भारत, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। जबकि, चौथे स्थान के लिए पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान की टीम में लड़ाई है। इस बीच बीसीसीआई की तरफ से बड़ी खबर दी गई है कि नॉक आउट मुकाबलों के टिकट आज 9 नवंबर से बिकने शुरू हों रहे हैं। इसकी जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एक्स अकाउंट के जरिए दी। आईसीसी मेंस क्रिकेट विश्व कप 2023 अपने समापन पर पहुंचने के करीब है। इस बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को नॉक आउट मैचों के टिकटों के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। बीसीसीआई ने जानकारी देते हुए कहा है कि पहला सेमीफाइनल (15 नवंबर), दूसरा सेमीफाइनल (16 नवंबर) और 19 नवंबर को होने वाले फाइनल मैच के टिकट 9 नवंबर को रात 8:00 बजे आधिकारिक टिकटिंग वेबसाइट पर लाइव होंगे। इसके लिए आपको इस साइट पर जाना होगा।
जानकार बता रहे हैं कि भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने घर पर खेले जा रहे इस आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में अब तक गजब का खेल दिखाया है। ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका जैसी दिग्गज टीमों के धूल चटाते हुए रोहित शर्मा की टीम ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। इस टूर्नामेंट में भारत ने अब तक खेले अपने सभी 8 मुकाबले जीते हैं। वह एक भी मैच नहीं हारी है। हालांकि सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया किस टीम के साथ भिडे़गी यह देखना बेहद ही दिलचस्प होगा साल 2019 के विश्व कप में न्यूजीलैंड ने भारत को 240 रनों का लक्ष्य दिया था। जवाब में भारतीय टीम 221 रनों पर ऑलआउट हो गई। फैंस यही चाहेंगे कि इस तरह का हाल 2023 में नहीं होना चाहिए।