संकल्प पत्र के लिए जनता से सुझाव ले रही भाजपा

Mar 21, 2024

जिला मुख्यालयों पर कई स्थानों पर लगाई सुझाव पेटी 

भोपाल। भाजपा द्वारा संकल्प पत्र 2047 के विजन के साथ तैयार किया जा रहा है। 

लोकसभा चुनाव के संकल्प पत्र के लिए भाजपा जनता से सुझाव ले रही है। आम जनता के सुझाव के लिए जिला मुख्यालयों पर कई स्थानों पर सुझाव पेटी लगाई गई हैं। ईमेल, वाट्सएप, एसएमएस और इंटरनेट मीडिया के अन्य माध्यमों से भी विभिन्न वर्गों के जागरूक जनों से सुझाव लिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने भाषण में वर्ष 2047 के विजन की बात कहते हैं। संकल्प पत्र में मध्य प्रदेश सहित विकसित भारत की झलक देखने को मिलेगी। सुझाव मांगने के लिए पार्टी ने प्रत्येक बूथ के और ग्राम स्तर पर भी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा ने प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों पर जीत के लिए सातों मोर्चा और प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी तय कर दी है। महिला, किसान, युवा, पिछड़ा, अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारियों को अलग-अलग वर्ग के बीच जाकर संकल्प पत्र के लिए उनके सुझाव लेने का कार्य सौंपा है।

चिकित्सा प्रकोष्ठ व अन्य प्रकोष्ठ के पदाधिकारी भी जागरूक जनों से संपर्क कर उन्हें पार्टी की विचारधारा से अवगत कराकर 2047 के विकसित भारत के लिए सुझाव ले रहे हैं। संकल्प पत्र में जनता से लिए गए सुझावों के अनुरूप विकसित भारत के साथ विकसित मध्य प्रदेश की झलक भी दिखेगी। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता जनता से सुझाव लेने के साथ मध्य प्रदेश की जीएसडीपी (राज्य का सकल घरेलू उत्पाद) बढ़ाने के लिए और क्या किया जा सकता है, इसके लिए प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र के विशेषज्ञों से भी संवाद कर रहे हैं। अलग-अलग सेक्टर के प्रबुद्धजनों के साथ बैठकें की जा रही है।

वहीं, मोबाइल पर संदेश भेजकर भी सुझाव लिए जा रहे हैं।  इस बारे में मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल का कहना है कि विधानसभा चुनाव की तरह ही लोकसभा चुनाव में भी संकल्प पत्र के लिए जनता से सुझाव लिए जा रहे हैं। भाजपा के इस संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 के विकसित भारत का विजन देखने को मिलेगा। भाजपा की डबल इंजन की सरकार और पार्टी संगठन इसी दिशा में आगे बढ़ रही है। हम जन आकांक्षाओं को पूरा करने के कार्य करने में जुटे हैं। 


Subscribe to our Newsletter