चौथे चरण के मतदान में भाजपा कंट्रोल रूम को मिलीं 212 शिकायतें
May 14, 2024
आठ लोकसभा क्षेत्रों में हुए थे मतदान
भोपाल । प्रदेश के आठ लोकसभा क्षेत्रों में चौथे चरण में संपन्न हुए मतदान के दौरान भाजपा के कंट्रोल रूम को 212 शिकायतें मिलीं। विभिन्न क्षेत्रों से मिली शिकायतों को चुनाव आयोग को भेज दिया गया है। प्राप्त शिकायतों में से 212 शिकायतें मप्र मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, 57 शिकायतें जिला निर्वाचन अधिकारी एवं ई-मेल के माध्यम से 14 शिकायतें भारत निर्वाचन आयोग को भेजी गई हैं। विधानसभा, लोकसभा क्षेत्र के साथ जिला और राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष में कुल 212 शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
इनमें से 141 शिकायतें राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष में प्राप्त हुई हैं, जिन्हें निराकरण के लिए निर्वाचन आयोग को प्रेषित कर दिया गया है। वहीं 14 शिकायतें ई-मेल द्वारा भारत निर्वाचन आयोग को गई तथा भाजपा विधि प्रकोष्ठ द्वारा जिलों में 57 शिकायतें की गई हैं। वहीं सबसे अधिक शिकायतें इंदौर लोकसभा क्षेत्र में प्राप्त हुई हैं और सबसे कम शिकायतें खरगोन लोकसभा क्षेत्र में की गई। उज्जैन में 15, मंदसौर 25, रतलाम 16, धार 8, इंदौर 36, खरगोन 5 और खंडवा में 11 शिकायतें की गई हैं।आठ लोकसभा क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया के दौरान होने वाली गड़बड़ियों व परेशानियों को लेकर विधानसभा क्षेत्र, लोकसभा क्षेत्र, जिला और प्रदेश कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए थे। भाजपा प्रदेश कार्यालय में राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष में हर लोकसभा क्षेत्र के लिए दो-दो नेताओं व तीन-तीन अधिवक्ताओं को लगाया गया था।