पेरिस ओलंपिक के लिए मशाल वाहक होंगे बिंद्रा
Feb 02, 2024
नई दिल्ली । भारत के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा को 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए मशाल वाहक चुना गया है। अब बिंद्रा इन खेलों में ओलंपिक मशाल रिले दल में शामिल रहेंगे। पेरिस ओलंपिक खेल
26 जुलाई से 11 अगस्त तक पेरिस में होंगे। वहीं बिंद्रा 16 अप्रैल से 26 जुलाई तक आयोजित होने वाली ओलंपिक मशाल रिले का हिस्सा होंगे। बिंद्रा ने 2008 बीजिंग ओलंपिक खेलों में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण पदक जीता था। वह भारत की ओर से ओलंपिक में व्यक्तिगत वर्ग में स्वर्ण जीतने वाले पहले खिलाड़ी भी हैं।
बिंद्रा ने मशाल वाहक चुने जाने पर खुशी जताते हुए सोशल मीडिया पर कहा, मैं पेरिस ओलंपिक के लिए मशाल वाहक बनने का अनुभवी साझा करने के लिए उत्साहित हूं। इससे मुझे दुनिया भर में शांति का प्रतीक बनने का अवसर मिलेगा। ओलंपिक मशाल हमारी सामूहिक भावना और सपनों की शक्ति को दिखाती है। गौरतलब है कि पेरिस 2024 ओलंपिक मशाल रिले 8 मई 2024 को फ्रांस में शुरू होकर फ्रांसीसी क्षेत्रों में 68 दिनों की यात्रा से पहले मार्सिले पहुंचेगी। मशाल रिले 68 दिनों तक चलेगी और इस दौरान यह पांच विदेशी क्षेत्रों सहित 65 क्षेत्रों में पहुंचेगी। रिले में 10,000 मशाल वाहक शामिल होंगे, जिनमें 3000 मशाल वाहक शामिल होंगे जो टीम रिले में भाग लेंगे, और 400 शहरों का दौरा करेंगे।मशाल यूनान में ओलंपिया के पास जलाई जाएगी और वहीं इसकी प्रारंभिक यात्रा होगी क्योंकि यहीं से ओलंपिक की शुरुआत हुई थी।