भोपाल —जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री बोले—श्रीकृष्ण ने कष्ट सहकर दूसरों के लिए सुख-समृद्धि का मार्ग प्रशस्त किया
Sep 04, 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने जीवन में अनेक कष्ट सहे, लेकिन समाज के लिए सुख-समृद्धि का मार्ग प्रशस्त किया। कठिन परिस्थितियों में धैर्य और संयम के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा श्रीकृष्ण के जीवन से मिलती है। उन्होंने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से जुड़े स्थानों को मध्यप्रदेश सरकार भव्य तीर्थ के रूप में विकसित कर रही है।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आख्यान पर्व में डॉ. यादव ने लड्डू गोपाल का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने माखन-मिश्री से भरी मटकी फोड़कर राधा-कृष्ण और बाल गोपाल की वेशभूषा में आए बच्चों को माखन खिलाया और उपहार देकर दुलार किया।
कार्यक्रम में श्रीकृष्ण जन्म, कालिया नाग मर्दन, गोवर्धन लीला, कंस वध और गीता उपदेश पर आधारित प्रस्तुतियां हुईं। जबलपुर के कलाकारों ने मयूर नृत्य और भजनों की प्रस्तुति दी, जबकि उज्जैन के मलखंभ खिलाड़ियों ने शानदार करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
डॉ. यादव ने कहा कि श्रीकृष्ण पाथेय में उज्जैन का सांदीपनि आश्रम, जानापाव, महिदपुर सहित अन्य तीर्थ शामिल हैं। चित्रकूट धाम को भी भव्यता के साथ विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति अच्छाई बांटने वाली संस्कृति है और इसके गौरव को पुनः प्रतिष्ठित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने श्रीकृष्ण के सांदीपनि आश्रम में शिक्षा ग्रहण करने और सुदामा से मित्रता के प्रसंगों को आज भी प्रासंगिक बताया। कार्यक्रम में मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, संतों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।