सुपर आठ में मुकाबले से पहले पॉवेल ने इंग्लैंड को अच्छी टीम बताया
Jun 19, 2024
ग्रोस आइलेट । वेस्टइंडीज टीम के कप्तान रोवमैन पॉवेल ने सुपर 8 में गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले कहा कि उनकी टीम अच्छी है। साथ ही कहा कि नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में गेंदबाजों के साथ ही बल्लेबाजों को भी सहायता मिलेगी।
पॉवेल ने कहा कि मुझे लगता है कि परिस्थितियां काफी अच्छी हैं। यह बल्लेबाजी के लिए अच्छी है, यह गेंदबाजी के लिए अच्छी है। वहीं इंग्लैंड टीम गत चैंपियन हैं होने के साथ ही काफी अच्छी टीम है। ऐसे में हम बैठकर कुछ योजनाएं बनाएंगे और देखेंगे कि यह उनके खिलाफ कैसे बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। वहीं पॉवेल ने कहा कि मुख्य कोच डेरेन सैमी के साथ उनका तालमेल काफी अच्छा है। ऐसे में सफलता मिलने की संभावना बढ़ जाती है। वहीं मुश्किलें तब आती हैं जब कप्तान और कोच के बीच संबंध ठीक नहीं होते। यहां पिछले एक साल से जब से मैं कप्तान बना हूं, उन्होंने मेरा समर्थन करने के साथ ही उत्साह बढ़ाया है। मेरी सफलता का एक हिस्सा, टीम की सफलताओं का एक हिस्सा सैमी को जाता है।
सुपर आठ में वेस्टइंडीज को ग्रुप 2 में इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका के साथ एक ग्रुप में रखा गया है। वेस्टइंडीज ने अब तक ग्रुप सी में अपने सभी मुकाबले जीते हैं। उनका पहला मुकाबला पीएनजी के साथ था जिसमें उसने 5 विकेट से जीत हासिल की थी। इसके बाद यूगांडा को उसने 134 रन से हरा दिया। वहीं तीसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड को 13 रन से हराया। चौथे मुकाबले में उसने अफगानिस्तान को 104 रन से पराजित किया।