बीसीसीआई ने इंग्लैंड के खिलाफ बचे हुए तीन टेस्ट मैचों के लिए घोषित की टीम

जडेजा और राहुल की वापसी, आकाशदीप नया चेहरा  

विराट और अय्यर शामिल नहीं 

मुम्बई । भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के बचे हुए तीन टेस्ट मैचों के लिए टीम घोषित कर दी है। टीम में जहां ऑलराउंडर रविन्द्र जडेजा और केएल राहुल की वापसी हुई है। वहीं विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल नहीं किया गया है। विराट ने जहां निजी कारणों से बचे हुए मैचों के लिए नाम वापस ले लिया है। वहीं अय्यर चोटिल होने के कारण बाहर हुए हैं। टीम में बिहार के युवा तेज गेंदबाज आकाशदीप को पहली बार अवसर मिला है। जडेजा और राहुल को टीम में जगह मिल गयी है पर उन्हें फिट होने पर ही अंतिम ग्यारह में शामिल किया जाएगा। रजत पाटीदार, सरफराज खान, ध्रुव जुरेल को भी टीम में जगह मिली है। विराट के बाहर होने के कारण पाटीदार को उनकी जगह बल्लेबाजी का अवसर मिलना तय नजर आता है। 

वहीं विराट को लेकर बीसीसीआई ने कहा है कि वह निजी कारणों से सीरीज से बाहर हैं। साथ ही कहा कि बोर्ड उनके इस फैसले का पूरी तरह से सम्मान करता है। साथ ही कहा कि जडेजा और राहुल के खेलने पर फैसला मेडिकल टीम की ओर से फिटनेस का आंकलन किये जाने पर ही लिया जाएगा। वहीं मध्य क्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर भी टीम से बाहर हो गए हैं। विशाखापत्तन टेस्ट मैच के बाद ही अय्यर की पीठ में जकड़न आ गयी थी। 

भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच 15 फरवरी से राजकोट में जबकि चौथा टेस्ट 23 फरवरी से रांची में खेला जाएगा। वहीं पांचवां और अंतिम टेस्ट 7 मार्च से धर्मशाला में होगा। 

भारतीय टीम इस प्रकार है: रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उप कप्तान), यशस्वी जयसवाल, शुबमन गिल, केएल राहुल, रजत पाटीदार, सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), आर अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, आकाश दीप। 


Subscribe to our Newsletter