मार्श और कैरी की शानदार बल्लेबाजी से ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से सीरीज जीती

दूसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड को 3 विकेट से हराया 

क्राइस्टचर्च । मिचेल मार्श 80 और एलेक्स कैरी 98 की आक्रामक बल्लेबाजी से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में भी 3 विकेट से हराकर 2-0 से सीरीज जीत ली है। इस मैच में जीत के लिए मिले 279 रनों के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में सात विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस मैच में न्यूजीलैंड की टीम ने पहली पारी में 162 जबकि दूसरी पारी में 372 रन बनाये थे। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 256 रन बनाये थे और इस प्रकार उसके पास 94 रनों की बढ़त थी।

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क ने मेजबान टीम को पहली पारी में 162 रनों पर ही समेट दिया। हेजलवुड ने 5 जबकि स्टार्क ने 3 विकेट लिए। कीवी टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज टॉम लेथम ने सबसे अधिक 38 रन बनाये। 

इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मार्नस लाबुशान के अर्धशतक 90 रन की सहायता से अपनी पहली पारी में 256 रन बनाये। इस प्रकार उसे पहली पारी के आधार पर 94 रनों की बढ़त मिली। मेजबान टीम की ओर से मैच हेनरी ने 67 रन देकर सात विकेट लिए। दूसरी पारी में रचिन रविंद्र, टॉम लेथम और डेरेल मिचेल के अर्धशतकों से मेजबान टीम ने 372 रन बनाकर कंगारुओं को 279 रनों का लक्ष्य दिया। इस लक्ष्य को मेहमान टीम ने हासिल कर लिया। 

मार्श ने 102 गेंद पर 10 चौके और 1 छक्के की मदद से 80 रन बनाये जबकि कैरी ने 123 गेंद पर 98 रन की नाबाद पारी खेली। 


Subscribe to our Newsletter