ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 5 विकेट से हरा कर वर्ल्ड कप क्रिकेट में खाता खोला
Oct 17, 2023
लखनऊ । वर्ल्ड कप क्रिकेट के एक अहम मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 5 विकेट से हरा दिया। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में श्रीलंकाई टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 43.3 ओवर में 209 रन पर ऑलआउट हो गई। 210 रन का टारगेट ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 35.2 ओवर में 5 विकेट पर हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल मार्श ने 52 रन और जोश इंग्लिस ने 58 रन की पारी खेली जिसने ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा लाबुशाने ने अहम 40 रन बनाए।
इसके बाद बाकी का काम मैक्सवेल ( 31) और स्टोइनिस (20) ने आसानी के साथ कर दिया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी को उतरी श्रीलंका 209 रन ही बना सकी। एक समय श्रीलंका की टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी लेकिन ऐसा हो न सका। श्रीलंकाई टीम कोपथुम निसांका और कुसल परेरा की सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई थी। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 125 रनों की साझेदारी हुई थी।
लेकिन इसके बाद एक के बाद एक बल्लेबाज पवेलियन लौटते चले गए और आखिर ममें 209 रन पर पूरी टीम पवेलियन लौट गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एडम जैम्पा ने कमाल की गेंदबाजी की और 4 विकेट लेने में सफल रहे। इसके अलावा पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क के खाते में 2-2 विकेट आए। मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था।