एशियाई निशानेबाजी : भारत की श्रियांका ने हासिल किया ओलंपिक कोटा
Oct 31, 2023
नई दिल्ली । भारत की श्रियांका साडंगी को कोरिया के चांगवोन में जारी एशियाई निशानेबाजी चैम्पियनशिप में चौथा स्थान मिला है। श्रियांका ने महिला वर्ग की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस (3पी) मुकाबले में 440.5 का स्कोर किया पर वह 45 शॉट के फाइनल में 43वें शॉट के बाद बाहर हो गई। श्रियांका ने हालांकि चौथे स्थान के साथ ही अगले साल होने वाले पेरिस ओलंपिक के लिए भी कोटा हासिल कर लिया है। इस प्रकार भारत को 13वां ओलंपिक कोटा मिला है।
वहीं स्थानीय खिलाड़ी ली युंसियो ने पहला स्थान हासिल करने के साथ ही स्वर्ण जीता जबकि चीन की हान जियाउ को दूसरे स्थान के साथ ही रजत पदक मिला। चीन की शिया सियु तीसरे स्थान पर रहने के साथ ही कांस्य पदक ही हासिल कर पायीं। वहीं भारत की नंबर एक निशानेबाज सिफत कौर सामरा ने क्वालीफिकेशन में 592 स्कोर और आशी चौकसी ने 591 का स्कोर बनाया। श्रियांका और आयुषी पोद्दार ने 588 और 587 स्कोर के साथ ही शीर्ष आठ में स्थान बनाया जबकि मानिनी कौशिक दसवें स्थान पर रही।