एशियाई खेल : हॉकी में आज होगा भारत-पाक मुकाबला

हांगझोऊ । एशियाई खेलों की हॉकी स्पर्धा में भारत और पाकिस्तान की हॉकी टीमों के बीच शनिवार को अहम मुकाबला होगा। इसमें जीत के लिए दोनो ही टीमें पूरी ताकत लगा देंगी। भारत और पाक दोनो ही टीमों ने अबतक इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन मैच जीते हैं। भारत ने पूल ए मैच में उज्बेकिस्तान पर 16-0 से जीत के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत की थी।

वहीं इसके बाद भारतीय टीम ने सिंगापुर पर भी 16-1 से जीत दर्ज की। फिर भारत ने 2018 एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता जापान को 4-2 से हराया। इस टूर्नामेंट में पाक टीम ने भी अबतक अच्छा प्रदर्शन कर अपने तीनों मैच जीते हैं। इसलिए ये मुकबला कड़ा होना तय है। पाकिस्तान ने अपने अभियान की शुरुआत सिंगापुर पर 11-0 से जीत के साथ की थी। फिर उसने बांग्लादेश को 5-2 से और उज्बेकिस्तान को 18-2 से हराया। इस अहम मैच  को लेकर भारतीय टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि टीम ने टूर्नामेंट में अब तक अपने मैचों से बहुत कुछ सीखा है और ये अनुभव पाक के खिलाफ काम आएगा।

हरमनप्रीत ने आगे कहा, जब भी पाक के खिलाफ मैच होता है तो ड्रेसिंग रूम में हमेशा उत्साह होता है। प्रशंसक हमेशा इस मुकाबले का आनंद लेते हैं। पाक के पास भी एक अच्छी टीम है। इसलिए, हम जानते हैं कि हमें अच्छा खेलना होगा और उनके खिलाफ जीत हासिल करने कि हमारी पूरी कोशिश है। हम अब तक के परिणामों से प्रेरित हैं और हम टूर्नामेंट में अपनी जीत की लय बरकरार रखने के लिए उत्सुक हैं। दोनों टीमें इससे पहले अंतिम बार अगस्त में हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी चेन्नई 2023 के पूल मैच में भिड़ी थी, जहां भारत ने 4-0 से मैच जीता था। 2013 के बाद से भारत और पाकिस्तान 24 बार आमने-सामने हुए हैं, जिसमें 16 बार भारत को जीत मिली है। जबकि, 5 बार पाकिस्तान को जीत मिली है और तीन मैच ड्रॉ पर ख़त्म हुए हैं।



Subscribe to our Newsletter