अश्विन जानते हैं कि चेन्नई में कैसे गेंदबाजी करनी है : पीयूष चावला
Oct 02, 2023
पूर्व स्पिनर पीयूष चावला ने कहा है कि अनुभवी स्पिनर आर अश्विन जानते हैं कि चेन्नई स्टेडियम के हालात कैसे हैं और उन्हें किस प्रकार से गेंदबाजी करनी है। अश्विन को एकदिवसीय विश्वकप के लिए अंतिम समय पर भारतीय टीम में शामिल किया गया था। अश्विन को शुरुआत में विश्वकप के लिए जगह नहीं मिली थी पर स्पिनर अक्षर पटेल के फिट नहीं होने के कारण उन्हें अंतिम समय पर टीम में जगह मिली है। चावला ने कहा कि अश्विन अक्षर के समान विकल्प हैं क्योंकि वह गेंदबाजी के साथ ही अच्छी बल्लेबाजी भी करते हैं।
चावला ने कहा, अक्षर के विश्व कप के लिए फिट नहीं होने के कारण अश्विन अपने अनुभव और पूर्व में उन्होंने जिस तरह से गेंदबाजी की है, उसके कारण पहली पसंद बने। इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है। यह कुछ इस तरह है जैसा कि वह बल्लेबाजी कर सकता है, और एक बहुत ही अच्छा बल्लेबाज भी है।
इसके अलावा इस पूर्व स्पिनर ने अश्विन की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि वह एक होशियार क्रिकेटर हैं। उन्होंने कहा, अश्विन एक महान खिलाड़ी हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह सफेद गेंद या लाल गेंद क्रिकेट में गेंदबाजी कर रहे हैं, वह हमेशा खेल के बारे में सोचते रहते हैं। वह हमेशा खेल से जुड़े रहते हैं। हालांकि उन्होंने पिछले दो वर्षों में एकदिवसीय में बहुत अधिक क्रिकेट नहीं खेला है, वह वास्तव में एक अच्छे गेंदबाज हैं और टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा, किसी ने नहीं सोचा था कि अश्विन खेलेंगे पर उन्हें अनुभवी होने के कारण चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीधे अंतिम एकादश में शामिल किया गया है।