अश्विन को नहीं मिला पर्याप्त श्रेय : डिविलियर्स
Feb 22, 2024
500 टेस्ट विकेट पूरे करने पर बधाई देेते हुए कही ये बात
जोहांसबर्ग । दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी ऑफ स्पिनर आर अश्विन को अपने 500 टेस्ट विकेट पूरे करने पर बधाई देते हुए कहा कि उन्हें पर्याप्त श्रेय नहीं मिला। अश्विन ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में अपने 500 टेस्ट विकेट पूरे किए थे। ये उपलब्धि हासिल करने वाले वह दूसरे दूसरे भारतीय गेंदबाज हैं। अश्विन की इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए डिविलियर्स ने कहा है कि जितना उन्हें सराहना मिलनी चाहिये थी वह नहीं मिली। अश्विन गेंदबाजी के साथ साथ बल्लेबाजी में भी निचले स्तर पर अहम भूमिका निभाते हैं।
ये भी सभी को ध्यान रखना होगा कि भारत की ओर से अभी तक केवल 2 गेंदबाज ही 500 या इससे ज्यादा टेस्ट विकेट ले पाए हैं और इसमें अश्चिन दूसरे नंबर पर हैं। वहीं पहले नंबर पर दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले हैं जिनके नाम 619 टेस्ट विकेट हैं। डिविलियर्स ने कहा,‘क्या शानदार उपलब्धि है। बधाई अश्विन। आप उन खतरनाक गेंदबाजों में शामिल हो जिनके खिलाफ मैंने खेला है। आप बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही विभागों में शानदार रहे हैं। आप भारतीय टीम की अमूल्य संपत्ति हो। साथ ही कहा कि एक दिग्गज खिलाड़ी होने के बाद भी उन्हें पर्याप्त श्रेय नहीं दिया जाना निराशाजनक है।